जयपुर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा “न्याय आपके द्वार—लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ और त्वरित समाधान” विशेष अभियान के अंतर्गत जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में नवलखा स्टेडियम, आमेर में दिनांक 08 दिसंबर 2025 को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय की सचिव पल्लवी शर्मा ने बताया कि रालसा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह कार्यक्रम आमजन को स्थायी लोक अदालत तथा विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी देने हेतु आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आमजन अपनी समस्याओं से संबंधित वाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से स्थायी लोक अदालत में प्रस्तुत कर सकते हैं। स्थायी लोक अदालत एक न्यायिक संस्था है, जहां लोक उपयोगी सेवाओं—जैसे बिजली, पानी, परिवहन, बैंकिंग व बीमा, नगर निकाय, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास एवं भू-सम्पदा, एलपीजी सेवाएं आदि—से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाती है।
पल्लवी शर्मा ने स्पष्ट किया कि स्थायी लोक अदालत में लंबी न्यायिक प्रक्रिया या जटिल साक्ष्यों की आवश्यकता नहीं होती। यहां दोनों पक्षों की आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित समाधान प्रदान किया जाता है। यदि कोई सरकारी उपक्रम या जन उपयोगी सेवा अपने दायित्वों का निर्वहन करने में असफल रहती है, तो स्थायी लोक अदालत एक सरल, सुलभ और किफ़ायती न्यायिक विकल्प प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान माननीय रालसा के निर्धारित प्रारूप में शिकायतें सीधे व्हाट्सएप नंबर 9119365734 पर प्रेषित की जा सकती हैं।






