भीलवाड़ा जिले की बीगोद थाना पुलिस ने कस्बे में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में काम में ली गई इको वैन को जब्त किया है, साथ ही चोरी गया किराने का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
रात 9:15 बजे दुकान बंद कर घर गया था व्यापारी
बीगोद थाना प्रभारी सत्यनारायण ने बताया कि 21 दिसंबर को बीगोद कस्बे के निवासी नरेंद्र सिंधी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 दिसंबर की रात करीब 9:15 बजे वह अपनी किराने की दुकान बंद कर घर चला गया था।
देर रात शटर तोड़कर चुरा लिया किराने का सामान
देर रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर रखा किराने का सामान चोरी कर लिया। सुबह जब व्यापारी दुकान पर पहुंचा तो शटर टूटा हुआ मिला और दुकान से सामान गायब था। वारदात में करीब 2 लाख रुपए के नुकसान की जानकारी सामने आई।
लोकल पुलिसिंग और मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
रिपोर्ट के आधार पर बीगोद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। परंपरागत पुलिसिंग, तकनीकी डेटा और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया।
इको वैन जब्त, चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल की गई इको वैन को जब्त किया है। साथ ही चोरी गया किराने का माल भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।
ये थे टीम में शामिल
इस पूरी कार्रवाई में बीगोद थाना प्रभारी सत्यनारायण के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल चंद्रपाल, कांस्टेबल मोहन, राधेश्याम, पवन, हरवीर, अनिल कुमार और मेघाराम शामिल रहे।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी के मामले में रवि (28) पुत्र उदयलाल बैरागी, निवासी कोटा, राजू (26) पुत्र जमनालाल भील, निवासी कोटा को गिरफ्तार किया है।






