शहर में एक महिला मैनेजर के साथ चलती कार में गैंगरेप करने वाले आईटी कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति काे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार काे तीनों आरोपियों को अवकाशकालीन कोर्ट में पेश किया, जहां से 4 दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि मामले में सुखाड़िया सर्किल स्थित स्काई मेरिना अपार्टमेंट निवासी सीईओ जितेश प्रकाश सिसोदिया, सुखेर के हितावाला अपार्टमेंट निवासी एग्जीक्यूटिव हेड के पति गौरव जाट और महिला एग्जीक्यूटिव हेड को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि जांच अधिकारी एएसपी माधुरी वर्मा ने मामले को लेकर चुप्पी साध रखी है। वे किसी भी तरह के जवाब देने से बच रही हैं। हालांकि भास्कर ने सबसे पहले मामले का खुलासा कर दिया था। इसके बावजूद वह आरोपियों से पूछताछ के बयानों को भी छिपा रही हैं।
बता दें, पीड़िता ने 23 दिसंबर की रात सुखेर थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि पीड़िता एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। 20 दिसंबर को कंपनी के सीईओ के जन्मदिन और ईयर एंडिंग पार्टी का आयोजन शोभागपुरा स्थित एक होटल में किया गया था। वह रात करीब 9 बजे होटल पहुंचीं और पार्टी रात 1:30 बजे तक चली। पार्टी में कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसका पति मौजूद थे।
आफ्टर पार्टी के नाम पर ले गए, डैशकैम में ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड
पीड़िता ने बताया कि महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने उन्हें आफ्टर पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया। रात 1:45 बजे उन्हें कार में बैठाया। महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति और सीईओ पहले से मौजूद था। तीनों उन्हें घर की ओर ले गए। रास्ते में पीड़िता को स्मोक कराया गया, जिससे वह बेसुध हो गई।
कुछ देर बाद होश आने पर सीईओ उनके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसके बाद महिला समेत तीनों ने कथित तौर पर उनके साथ दुष्कर्म किया। लगातार कहने पर सुबह 5 बजे तीनों ने उन्हें घर छोड़ा। होश में आने पर उन्हें एक ईयररिंग, मोजे और अंतर्वस्त्र गायब मिले। प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान थे। इसके बाद उन्होंने कार में लगे डैशकैम के ऑडियो-वीडियो फुटेज देखे, जिनमें आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड थीं।





