भीलवाड़ा की प्रताप नगर थाना पुलिस ने कार चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मारुति कार बरामद कर ली है, वहीं वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त किया गया है।
महावीर कॉलोनी से हुई थी कार चोरी
प्रताप नगर थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में जिलेभर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 22 दिसंबर को याकूब खान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसने किसान भवन स्थित महावीर कॉलोनी में अपनी पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड मारुति कार घर के बाहर खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चुरा ले गए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने कार चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों से चोरी की कार बरामद कर ली गई।
बाइक से पहुंचे थे चोरी करने
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बाइक से मौके पर पहुंचे थे और कार चोरी कर फरार हो गए थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया है।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
- सुल्तान उर्फ तरु (38) पुत्र जीतूलाल, निवासी बनेड़ा
- गणेश (36) पुत्र हिरनाथ, निवासी बनेड़ा
- कैलाश (36) पुत्र कल्याण जाट, निवासी बनेड़ा
शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी कैलाश के खिलाफ भीलवाड़ा और ब्यावर के विभिन्न थानों में करीब 10 मामले, गणेश के खिलाफ 7 मामले और सुल्तान के खिलाफ 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में प्रताप नगर थाना प्रभारी राजपाल, साइबर सेल एएसआई आशीष मिश्रा, हेड कॉन्स्टेबल विजय सिंह, चंद्रपाल सिंह, कॉन्स्टेबल दिलीप, पवन, हरवीर, राधे, हरि सिंह और भगवान दास शामिल रहे।





