शहर के बस स्टैंड पर बुजुर्ग महिला यात्री से सोने के जेवर ठगकर फरार हुए तीन शातिर बदमाशों को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर बुजुर्ग महिला-पुरुषों को अपना शिकार बनाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने अलवर समेत कई राज्यों में 35 से 40 वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने बदमाशों का मेडिकल करवा दिया है और न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर को स्कीम नंबर-2 निवासी प्रदीप खंडेलवाल ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसकी मां उर्मिला खंडेलवाल जयपुर से बस द्वारा अलवर पहुंची थीं। बस स्टैंड पर दो युवकों ने बातचीत में उलझाकर उनसे सुरक्षा के नाम पर सोने के जेवर उतारकर लिफाफे में रखने को कहा। इसके बाद आरोपियों ने चालाकी से लिफाफा बदल दिया और दो सोने की अंगूठी, एक चेन व हाथों के कड़े लेकर मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने शानू सिंह (35) पुत्र बनवारीलाल निवासी छिपी टोला थाना किला बरेली, सावेज (45) पुत्र जमीर अहमद निवासी बांस मंडी गली मोचियान थाना कोतवाली बरेली तथा सहनूर (38) पुत्र अख्तर निवासी किला कटघर थाना किला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
सोने की चेन व अंगूठियां जब्त
बदमाशों के कब्जे से एक सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई में एएसआई होशियार सिंह, साइक्लोन सेल के हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और स्पेशल सेल के मुकेश गुर्जर सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।






