जयपुर में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे पालिका बाजार के सामने स्थित पाचा क्लब के बाहर लड़कियों से छेड़छाड़ के मामले में दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। युवकों ने गाली गलौच करते हुए सड़क पर जमकर हुडदंग मचाया। सरेआम लाठियां, मुक्के व पत्थर चलने लगे। घटना स्वेज फार्म में न्यू सांगानेर रोड स्थित क्लब पाचा की है।
घटना में 3 से 4 लोगों घायल हुए। मारपीट के दौरान कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए, सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आम लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। लोग शांति और सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस की मौजूदगी पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस मौके पर थी तो रात 2 बजे तक क्लब कैसे संचालित हो रहा था? हिंसा होते हुए भी पुलिस मूकदर्शक क्यों बनी रही?
आरोप है कि पाचा क्लब को लेकर पहले भी कई बार हंगामा, मारपीट और छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन हर बार मामला दबा दिया जाता है। लोगों का दावा है कि क्लब संचालकों को किसी तरह का संरक्षण प्राप्त है, इसी कारण बार-बार कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि ओके प्लस बिल्डिंग परिसर में स्थित इस क्लब के पास ही पुलिस चौकी भी मौजूद है।

पुलिस का पक्ष
इस पूरे मामले पर महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया- सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शांति भंग करने के आरोप में सात लोगों को डिटेन कर गिरफ्तार किया गया है। मौके से एक गाड़ी भी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।





