अजमेर में रेलवे कर्मचारी की पत्नी ने सुसाइड कर लिया। महिला के कॉन्स्टेबल भाई ने अपने जीजा पर बहन से मारपीट और सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। कॉन्स्टेबल भाई की शिकायत पर अलवर गेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
रेलवे कर्मचारी लक्ष्मण कुमार की पत्नी मनीषा कुमारी(29) ने 30 दिसंबर को घर पर फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। बुधवार शाम को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
साले ने जीजा के खिलाफ करवाया मामला दर्ज अलवर गेट थाना पुलिस के अनुसार- मृतका के भाई मणिपुर में सीआरपीएफ कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत पटना (बिहार) निवासी लक्ष्मण कुमार ने मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि वह दो भाई और दो बहन है। तीसरे नंबर की बहन मनीषा कुमारी की साल 2022 में बिहार निवासी लक्ष्मण कुमार पुत्र शंभू शाह से शादी हुई थी।
शादी के बाद से ही बहन को परेशान और मारपीट की जा रही थी। मारपीट से परेशान होकर बहन लंबे समय तक पीहर में रह रही थी। दिसंबर 2025 में बहन का पति आया और मारपीट नहीं करने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। बहन को अलवर गेट क्षेत्र में किराए के मकान में रखा हुआ था। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को थाने से फोन आया कि बहन ने सुसाइड कर लिया है। भाई ने जीजा लक्ष्मण कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






