जयपुर में कॉल कर एक पत्नी को ‘तीन तलाक’ देने का मामला सामने आया है। शादी के बाद से ही पति मारपीट कर उसे टॉर्चर करता था। धक्के मारकर घर से निकालने के बाद आरोपी पति ने ‘तीन तलाक’ देकर छोड़ दिया । लालकोठी थाने में पीड़ित महिला ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
ASI किशन सिंह ने बताया- आदर्श नगर की रहने वाली 28 साल की महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। कुछ साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी पति उसके साथ मारपीट करता था। मारपीट करने के साथ ही टॉर्चर भी किया करता था। आरोप है कि नवम्बर-2025 में आरोपी पति ने उसको धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया।
मारपीट कर घर से निकालने पर वह अपने पीहर आ गई। उसके बाद आरोपी पति ने कॉल कर तीन बार तलाक बोलकर उसे छोड़ दिया। गैर कानूनी तरीके से तलाक देने को लेकर पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला संरक्षण अधिनियम के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






