नए साल के जश्न के दौरान जयपुर साउथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगंज क्षेत्र के कुख्यात हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर दानिश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 31 दिसंबर की रात गर्लफ्रेंड के कहने पर क्लब में पहुंचकर अपने साथियों के साथ एक युवक पर हमला किया था।
1 जनवरी को पीड़िता ने विधायकपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपने दोस्त के साथ सोशल वाइब क्लब में न्यू ईयर पार्टी मनाने गई थी। इसी दौरान एक अन्य युवती ने कॉल कर अपने दोस्त दानिश को बुलाया। आरोपी दानिश ने बदतमीजी की। कुछ ही देर बाद दानिश अपने दो-तीन साथियों के साथ क्लब पहुंचा और युवती के दोस्त के साथ जमकर मारपीट की। इससे उसके सिर और कान में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए SMS अस्पताल भिजवाया गया। यहां उसका इलाज जारी है। इस संबंध में थाना विधायकपुरी में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
अन्य साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार
डीसीपी जयपुर साउथ श्री राजर्षि राज ने बताया- झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सोशल वाईब क्लब पहुंची। मौके पर भारी भीड़ के बीच दानिश अपने साथियों के साथ मारपीट करता मिला, जिसे हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल काबू में ले लिया गया। उसके अन्य साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
दानिश पर अवैध हथियार रखने सहित करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, दानिश उर्फ भौंट एक शातिर और कुख्यात अपराधी है, जिसके विरुद्ध जयपुर शहर में मारपीट, डराने-धमकाने और अवैध हथियार रखने सहित करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाधिकारी बनवारीलाल के रामगंज थाना प्रभारी रहते हुए आरोपी से 6 से 7 अवैध हथियार भी बरामद किए जा चुके हैं। इससे पहले भी जेल से छूटने के बाद आरोपी द्वारा जश्न के दौरान फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।






