खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष के बेटे को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने जान से मारने की धमकी दी है। लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर ने फिरौती के लिए विदेशी नंबरों से कॉल किया। जान से मारने की धमकी देते हुए कहा- कल शाम तक 3 करोड़ रुपए की व्यवस्था करके सेटलमेंट कर लेना, अन्यथा मरने के लिए तैयार रहना। इस बात को हल्के में मत लेना।
मामले पर खाटूश्यामजी थाना SHO इंस्पेक्टर पवन कुमार चौबे ने कहा- पूर्व कोषाध्यक्ष कालू सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह चौहान ने शिकायत दी है। मानवेंद्र सिंह चौहान की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया गया है। विदेशी नंबरों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

अब 5 पॉइंट में समझिए पूरा मामला…
1. वॉट्सऐप पर 3 जनवरी को Hi मैसेज आया पुलिस को दी शिकायत में मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 3 जनवरी को वह अपनी होटल श्याम निवास के कमरे में थे। इस दौरान उनके मोबाइल नंबर पर विदेशी नंबरों से वॉट्सऐप पर शाम 4:05 पर Hi मैसेज आया। मानवेंद्र ने भी वापस Hi का मैसेज कर दिया।
इसके बाद 4 जनवरी की दोपहर 1:27 पर इस नंबर से Call me का मैसेज आया। श्याम वक्त समझ कर मानवेंद्र ने कॉल किया तो वह कॉल कट गया। इसके बाद 1:29 पर वापस इस नंबर से कॉल आया। तब कॉल करने वाले ने धमकी दी।
2, 3 करोड़ रुपए की व्यवस्था करके सेटलमेंट कर लेना कॉल पर धमकी देते हुए कहा- मुझे तुम्हारे रहने के साथ-साथ सभी प्रकार की गतिविधियों, घर और पूरी प्रॉपर्टी की जानकारी है। मैं हैरी बॉक्सर, लॉरेंस ग्रुप से बोल रहा हूं। कल शाम तक 3 करोड़ रुपए की व्यवस्था करके सेटलमेंट कर लेना, अन्यथा मरने के लिए तैयार रहना। इस बात को हल्के में मत लेना। मैं तुम्हारे घर पर आकर गोलियों से, ग्रेनेड (बम) से जान से मार दूंगा और मरवा दूंगा।

3, मंदिर कमेटी के चुनाव में धांधली का आरोप मानवेंद्र ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह मंदिर के सेवक परिवार का सदस्य है। 23 दिसंबर 2025 को मंदिर कमेटी के चुनाव को फर्जी तरीके से संपन्न करवाए जाने के संबंध में उन्होंने सीकर कलेक्टर और सीकर पुलिस अधीक्षक को जांच के संबंध में ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान और ट्रस्टी नरेंद्र सिंह चौहान, निर्वाचन अधिकारी मोहन सिंह के लिए शिकायत की थी। इसके साथ ही शक्ति सिंह चौहान को अध्यक्ष और रवि सिंह चौहान को कोषाध्यक्ष गलत तरीके से बनाने का आरोप लगाया था। इस घटनाक्रम के बाद ही उन्हें जानलेवा हमले और फिरौती के लिए धमकी मिली है।
5, कोई दुश्मनी नहीं, फिर भी धमकी पुलिस को दी शिकायत में मानवेंद्र ने बताया कि उसका किसी भी ग्रुप या आदमी से कोई दुश्मनी या विरोध नहीं है, न ही उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड है। मानवेंद्र ने बताया कि वह कोई चर्चित या अमीर आदमी भी नहीं है। ऐसे में इतने बड़े आपराधिक संगठन से उसका दूर-दूर तक कोई संपर्क नहीं है। मानवेंद्र सिंह चौहान पेशे से होटल संचालक हैं। इनका खाटू में मंदिर परिसर के पास ही होटल है।






