अलवर जिला प्रभारी मंत्री तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने रविवार को अलवर जिला स्थित रैणी उपखंड की ग्राम पंचायत पिनान में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की परिवेदनाओं को संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि चौपाल में प्राप्त परिवेदनाओं का त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाए।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा के समक्ष ग्राम पंचायत एवं ढाणियों में पेयजल आपूर्ति, विद्युत संबंधित, सड़क निर्माण, रास्ते पर अतिक्रमण, ग्राम पंचायत के परिसीमन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य परिवाद प्रस्तुत किये। जिनकी सुनवाई कर प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा ने अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवेदनाओं के निराकरण कि सूचना परिवादी को दी जाये तथा इसकी रिपोर्ट भिजवाये।
ये रही प्रमुख परिवेदनाएं-
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत पिनान के आसपास के ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री के समक्ष अपनी परिवेदनाएं प्रस्तुत की, जिसमें ग्रामीणों की मलावली में 33 केवी जीएसएस एवं किसानों की सिंचाई के लिए दिन में बिजली दिलवाने की मांग पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को आवश्यक कार्यवाई कर यथासंभव दिन में बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, इसके अतिरिक्त गांव साहिबाबाद में ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पुनः संचालन की मांग, मुरली का बास में पानी की समस्या के समाधान एवं आंगनबाड़ी केंद्र खुलवाने की मांग, ग्राम पंचायत के परिसीमन के संबंध में, उकेरी में रास्ता खुलवाने, पिनान पशु चिकित्सालय में वरिष्ठ पशु चिकित्सक लगवाने बाबत परिवेदनाओं पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को विकसित भारत- जी राम जी योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
जिला प्रभारी मंत्री तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने विकसित भारत- जी राम जी योजना पर ग्रामवासियों से विस्तृत चर्चा कर बताया कि योजना के माध्यम से 125 दिन ग्रामीण रोजगार की नयी गारंटी, ग्राम सभा द्वारा विकसित ग्राम पंचायत योजना बनेगी, समय पर मजदूरी के भुगतान एवं तकनीक के जरिए सशक्तिकरण संभव होगा। जिला प्रभारी मंत्री ने अलाव पर बैठकर भी ग्रामवासियों से विकसित भारत जी राम जी योजना पर बातचीत की।
इसके अतिरिक्त रात्रि चौपाल में विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। जिसमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, तारबंदी योजना, जल संचय जन भागेदारी अभियान, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, फार्म पौण्ड, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), सूर्य घर मुफ्त बिजली घर योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान सहित महिलाओं और युवाओं से संबंधित योजनाएं इत्यादि की जानकारी दी गई।
जिला प्रभारी मंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं के संबंध में वितरित करवाई गई प्रकाशन सामग्री के आधार पर ग्रामवासियों से पात्रता अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। ग्रामवासियों ने वितरित करवाई गई योजनाओं की जानकारी संबंधी सामग्री की सराहना की।
इस दौरान विधायक राजगढ-लक्ष्मणगढ मांगे लाल मीणा, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, एडीएम प्रथम मुकेश कायथवाल, जिला परिषद के सीईओ सालूखे गौरव रवीन्द्र, डीएफओ अलवर राजेंद्र हुड्डा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी सहित संबंधित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे ।






