राजस्थान विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ अलका गुर्जर ने कहा कि राजस्थान सरकार का बजट महिला कल्याण को समर्पित बजट है। बजट में रूरल वुमन बीपीओ खोलने, मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना में अब कर्ज की सीमा को 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख करने, सरकार राजीविका के एसएचजी से जुड़ी महिलाओं के लिए सभी संभागीय मुख्यालयों पर राजसखी स्टोर खोलने, महिला स्वयं सहायता समूह को दिए जाने वाले कर्ज की सीमा को 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ करने जैसी ऐतिहासिक घोषणा की गई है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि यह बजट विकसित राजस्थान-2047 की दिशा में मजबूत आधार तैयार करने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और आमजन के सर्वांगीण विकास को समर्पित है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा ने कहा कि बजट में ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, सिंचाई एवं आधारभूत ढांचे पर विशेष बल देकर प्रदेश के संतुलित विकास का मार्ग प्रशस्त किया गया है। यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।
प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बजट को जन-आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार वर्ष 2026-27 में बढ़कर 21.52 लाख करोड़ रुपए अनुमानित है, जो प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में लगभग 41.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। प्रति व्यक्ति आय भी बढ़कर 2,02,349 रुपए तक पहुंचने का अनुमान है, जो प्रदेश की आर्थिक मजबूती का संकेत है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में की गई घोषणाएं प्रदेश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। गौतम ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत 91 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 28,400 करोड़ रुपए की पेंशन प्रदान की जा रही है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की प्रतिबद्धता दर्शाती है।
प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि शेखावाटी तक हथनी कुंड से यमुना का पानी लाने के लिए 32 हजार करोड़ की परियोजना का काम जल्द शुरू करने, बीसलपुर के दायीं मुख्य नहर के 5000 हेक्टेयर के कमांड एरिया में 100 करोड़ की लागत से फव्वारा सिंचाई प्रणाली का लाभ, 50 हजार सोलर पंप लगाने के लिए 1500 करोड़ खर्च करने की घोषणा ऐतिहासिक है। किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 160 करोड़ का अनुदान मिलेगा। 8000 डिग्गियों का निर्माण होगा।
भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि बजट में भरतपुर में बृज कन्वेंनशन सेंटर, झुंझुनूं में वॉर म्यूजियम की भी घोषणा करना, 6 हजार बुजुर्गों को हवाई जहाज से तथा 50 हजार को ट्रेन से तीर्थ यात्रा करवाना, मंदिरों में विशेष पूजा के लिए 13 करोड़ देने, देवस्थान विभाग की धर्मशालाओं की मरम्मत करने जैसी घोषणा सरकार की नीति और नियत दोनों को दर्शाती है।
प्रदेश मंत्री नारायण मीणा ने कहा कि किसानों के हित में 76.18 लाख किसानों को 10,900 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी गई है। गेहूं पर एमएसपी के अतिरिक्त 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस तथा 2.05 लाख से अधिक कृषि विद्युत कनेक्शन देकर अन्नदाताओं को सशक्त किया गया है।
सह-कोषाध्यक्ष श्याम अग्रवाल ने कहा कि वित्तीय अनुशासन और पूंजीगत व्यय में वृद्धि से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी तथा निवेश को बढ़ावा मिलेगा। अधोसंरचना विकास को गति देते हुए इस कार्यकाल में 30,427 करोड़ रुपए का पूंजीगत व्यय किया गया है, जो अब तक का सर्वाधिक है।
कार्यालय सचिव मुकेश पारीक ने कहा कि बजट में 1,800 करोड़ रुपए की लागत से राज्य हाईवे, फ्लाईओवर, आरओबी/आरयूबी व पुलों का निर्माण, 1,400 करोड़ रुपए गैर-पेचेबल व क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए और 600 करोड़ रुपए मिसिंग लिंक सड़कों के लिए स्वीकृत करना सरकार की कार्य मंशा दिखाता है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने कहा कि यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना को साकार करने वाला है। 500 करोड़ रुपये से 250 अटल प्रगति पथों का निर्माण, 400 करोड़ रुपए औद्योगिक क्षेत्रों व लॉजिस्टिक पार्कों के कनेक्टिविटी विकास हेतु, 920 करोड़ रुपए से अधिक 15 रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर आरओबी या आरयूबी निर्माण हेतु प्रावधान किया गया है।
मुख्य वक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि बजट में अधोसंरचना, उद्योग एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रावधान प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाएंगे। बजट “संकल्प से सिद्धि” की दिशा में ठोस कदम है, जो प्रदेश के 8 करोड़ नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने वाला है और राजस्थान को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि जयपुर सहित प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में सड़क, फ्लाईओवर और यातायात सुधार की योजनाएं आमजन को राहत प्रदान करेंगी।
जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि यह बजट महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के लिए आशा और विश्वास का बजट है, जो राजस्थान को विकास की नई दिशा देगा। बजट प्रदेश को विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर करने वाला दूरदर्शी और जनहितैषी बजट है।
युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शी व्यवस्था से प्रदेश का युवा सशक्त होगा। बजट में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की स्पष्ट योजना दिखाई देती है, जिससे प्रदेश में संतुलित विकास सुनिश्चित होगा।





