उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, जयपुर द्वारा दिनांक 17 फरवरी को सिरसी मोड़ स्थित एक निजी आईटीआई परिसर में एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 867 बेरोजगार आशार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न ट्रेड से संबंधित 23 निजी संस्थानों ने अपनी रिक्तियों के अनुरूप चयन प्रक्रिया संपन्न की। शिविर में 378 आशार्थियों का प्राथमिक चयन तथा 06 आशार्थियों का प्रशिक्षण हेतु चयन किया गया। इस प्रकार कुल 384 आशार्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में उप निदेशक, उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय जयपुर नवरेखा, कनिष्ठ रोजगार अधिकारी चन्द्र प्रकाश मीणा तथा जिला कौशल समन्वयक राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम राघवेन्द्र सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
उप निदेशक नवरेखा ने अपने उद्बोधन में आगंतुक आशार्थियों का स्वागत करते हुए रोजगार, स्वरोजगार, प्रशिक्षण एवं प्रगतिशील करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं तथा वर्तमान परिदृश्य में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि सतत परिश्रम और संघर्षशील जीवन ही उत्कृष्ट व्यक्तित्व की पहचान है।
कनिष्ठ रोजगार अधिकारी चन्द्र प्रकाश मीणा ने सभी आशार्थियों को राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल के महत्व से अवगत कराते हुए पंजीयन एवं उपयोग की प्रक्रिया समझाई। जिला कौशल समन्वयक राघवेन्द्र सिंह ने कौशल विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम द्वारा युवाओं को उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी रोजगार क्षमता एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कौशल विकास में हार्ड स्किल्स जैसे डिजिटल साक्षरता, वित्तीय प्रबंधन, कोडिंग आदि के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स जैसे टीमवर्क, समय प्रबंधन एवं संचार कौशल भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।






