इंटरनेशनल बैंकिंग फ्रॉड के मामले में इनकम टैक्स विभाग ने राजस्थान में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर और श्रीगंगानगर में दो प्रोफेशनल्स से जुड़े तीन ठिकानों पर सर्वे किया है। विभाग की टीम ने जयपुर के दो और श्रीगंगानगर के एक परिसर में दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच की।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दायरे में आए प्रोफेशनल्स पर फर्जी कंपनियों और डमी ट्रस्टों के माध्यम से बैंक खातों में संदिग्ध एंट्री कर विदेशों में धनराशि भेजने के आरोप हैं। इन लेनदेन की पड़ताल इनकम टैक्स विभाग द्वारा की जा रही है।
बोगस डोनेशन के जरिए रकम भेजने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, पिछले करीब तीन वर्षों से बोगस डोनेशन को वित्तीय लेनदेन का आधार बनाकर कथित अनियमितताएं की जा रही थीं। धर्मार्थ ट्रस्टों के एक समूह से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने के बाद विभाग ने सर्वे की कार्रवाई शुरू की।
आरोप है कि संबंधित प्रोफेशनल्स ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विभिन्न संस्थाओं और खातों के जरिए विदेशों में रकम ट्रांसफर की। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है और विभाग वित्तीय दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण कर रहा है।
देशभर में 394 ठिकानों पर कार्रवाई
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के निर्देश पर डेटा एनालिसिस के आधार पर देशभर में व्यापक स्तर पर सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत करीब 394 ठिकानों और 36 प्रोफेशनल सीए से जुड़े परिसरों पर कार्रवाई की सूचना है।
राजस्थान में जयपुर और श्रीगंगानगर के अलावा सीकर और अजमेर में भी इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। विभाग द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






