जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 8 क्रमोन्नत उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए कुल 280 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। प्रत्येक उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आमजन को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अस्पतालों के भवन, चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।
प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन अस्पतालों के नए एवं सुदृढ़ भवनों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
उन्होंने बताया कि इन उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर), बिलाड़ा (जोधपुर), देचू (फलोदी), खाजूवाला (बीकानेर), प्रतापपुर (बांसवाड़ा), रायपुर (ब्यावर), खण्डार (सवाई माधोपुर) और छबड़ा (बारां) को प्रत्येक के लिए 35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार इन 8 उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए कुल 280 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे संबंधित क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ मरीजों को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
राज्य सरकार की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, अस्पतालों के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.




