भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जेवीवीएनएल के रामगंज स्थित सब स्टेशन के जूनियर इंजीनियर मनोज कुमार को 3 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है।
परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी कंपनी सोलर रिधम एनर्जी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के ग्राहक के घर के बिजली कनेक्शन पर 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने के लिए लोड क्षमता बढ़वानी थी। इसके लिए आरोपी जूनियर इंजीनियर ने रिश्वत की मांग की थी।

5 हजार की मांग, 3-4 हजार में सौदा तय
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 14 अगस्त को 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के दौरान 3 से 4 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामजी लाल और टीम ने 24 अगस्त को कार्रवाई की। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार को परिवादी से 3 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा ने बताया- रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





