Home » राजस्थान » सांगानेर में महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बांधे रक्षासूत्र

सांगानेर में महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बांधे रक्षासूत्र

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में राजस्थान की जनता को भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया। युवाओं का कांग्रेस सरकार से भरोसा उठ गया था तथा किसान और मजदूर वर्ग त्रस्त था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में गैंगस्टर खुलेआम आतंक फैलाते रहे और उनकी सरकार गैंगस्टरों के सामने गर्दन नीचे कर बैठी रही।

मुख्यमंत्री बुधवार को सांगानेर के मानसरोवर में आयोजित रक्षाबंधन पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की स्थिति को ऐसे जीर्ण-शीर्ण मकान की तरह बना दिया था, जो चारों तरफ से टूटा-फूटा पड़ा था। कांग्रेस की देन इस बदहाली को बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश के विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया। पिछले ढ़ाई वर्षों में पानी, बिजली से लेकर रोजगार एवं किसान और महिला के सशक्तीकरण की दिशा में समृद्ध एवं सशक्त राजस्थान की मजबूत नींव रखी है।

हमनें अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा, कांग्रेस मैदान छोड़ कर भागी

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने विधानसभा में ‘2 साल बनाम 5 साल’ का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए योजनाओं एवं कार्यों का तुलनात्मक विवरण रखा, लेकिन कांग्रेस के नेता विधानसभा में बहस करने की जगह मैदान छोड़कर भाग गए। हमारी सरकार ने ढ़ाई वर्षों में पिछली कांग्रेस सरकार की तुलना में कई गुना अधिक काम किए है और ये विकास के कार्य बढ़ते ही जा रहे है। हम अपना रिपोर्ट कार्ड लगातार जनता के सामने रख रहे है लेकिन कांग्रेस इस पर कोई जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखे, फिर जनता तय कर लेगी कि किसने अधिक काम किया। उन्होंने कहा कि केवल हल्ला मचाने से कुछ नहीं होता, जनता के सामने आकलन काम के आधार पर ही होगा। कांग्रेस के नेता कहते थे कि राजस्थान में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ तो कोई काकाजी भी नहीं करवा सकते। लेकिन हम राजस्थान में वन स्टेट, वन इलेक्शन करवा रहे है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आवश्यकता को देखते हुए राज्य के सभी जिलों में जल उपलब्धता के लिए कार्य किया जा रहा है। इसी दिशा में राजस्थान की धरती पर आज दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की जल परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 1 लाख करोड़ रुपयें की रामजल सेतु लिंक परियोजना पर मिशन मोड पर लगातार काम चल रहा है। साथ ही, लगभग 34 हजार करोड़ रुपये के यमुना जल समझौते को भी धरातल पर उतरा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इसी तरह नहरी क्षेत्र के लिए इंदिरा गांधी नहर और गंग नहर के सुदृढ़ीकरण, उदयपुर क्षेत्र के लिए देवास योजना, जवाई बांध में सोम-कमला-अंबा से पानी पहुंचाने एवं ब्राह्मणी नदी से बीसलपुर में पानी लाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी तरह प्रदेश बिजली के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन रहा है। हमारी सरकार ने वर्ष 2027 तक पूरे प्रदेश में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है तथा 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में युवाओं को पेपरलीक का दंश झेलना पड़ा। हमारी सरकार ने पेपरलीक पर अंकुश लगाते हुए ढ़ाई वर्षों में रिकॉर्ड भर्तियां की। हमनें युवाओं को 4 लाख सरकारी नौकरियां देने का संकल्प लिया था। इसी दिशा में 1 लाख 89 हजार नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं तथा 1 लाख 22 हजार नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। इसके अलावा 70 हजार नई भर्तियों की तैयारी है। हमारी सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और एमएसपी पर बोनस के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, समृद्धि और ज्ञान का स्वरूप मानते हुए सदैव सर्वाेच्च स्थान दिया गया है। समृद्धि के लिए मां लक्ष्मी, शक्ति के लिए मां दुर्गा और ज्ञान-विवेक के लिए मां सरस्वती की आराधना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इसी सांस्कृतिक भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, घर-घर शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी पहलों से महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण को नई दिशा दी है। वहीं, नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं के राजनीतिक नेतृत्व के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में लगभग 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश की जनता से किए हर वादे को पूरा कर रही है। पिछले ढ़ाई वर्षों में स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप हमने सांगानेर में भी उल्लेखनीय विकास कार्य करवाये है।

कार्यक्रम में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र बांधे। मुख्यमंत्री ने माताओं-बहनों को रक्षाबंधन पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के स्नेह का पर्व होने के साथ ही समाज में बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी, पूर्व विधायक शंकर सिंह राजपुरोहित, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न मेहता सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines

लालबाग अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू:वार्ड 39-40 में चुनाव बहिष्कार का फैसला वापस लिया, लालबाग संघर्ष समिति ने जताई खुशी

नाथद्वारा नगर के लालबाग चौराहे पर अंडरपास का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। लंबे समय से निर्माण की