डीग। आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुदावल बृजनगर तथा किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करते हुए सामूहिक मतदाता शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संभागियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एक सशक्त एवं जीवंत लोकतंत्र की नींव प्रत्येक सजग और जागरूक मतदाता की सक्रिय भागीदारी पर टिकी होती है। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य भी है। विद्यार्थियों व शिक्षकों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे आगामी चुनावों में बिना किसी भय, पक्षपात, जाति, धर्म या प्रलोभन के अपने मताधिकार का शत-प्रतिशत उपयोग करेंगे।
इसके साथ ही विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे अपने घर,मोहल्ले एवं गांव के प्रत्येक पात्र मतदाता,विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवा मतदाताओं को मतदान दिवस पर बूथ तक पहुंचाने और निर्भीक होकर मतदान करने हेतु प्रेरित करें। इस अवसर पर किशन लाल जोशी राउमावि डीग के उप प्रधानाचार्य निहाल सिंह,व्याख्याता बीरबल सिंह सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षकगण,कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





