जयपुर। रामनगरीया थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए महज 10 घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जयपुर शहर और रामनगरीया थाना क्षेत्र से चोरी किए गए 15 कीमती मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में दर्जनों मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा (आईपीएस) ने बताया कि पुलिस आयुक्त जयपुर महानगर सचिन मित्तल के निर्देश पर शहर में मोबाइल चोरी और छीनने की घटनाओं की रोकथाम तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारस जैन (आरपीएस) के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त सांगानेर दीपक खंडेलवाल (आरपीएस) के सुपरविजन और रामनगरीया थानाधिकारी अनील कुमार टेलर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
अलसुबह घर में घुसकर चुराते थे मोबाइल
पुलिस के अनुसार आरोपी अलसुबह और रात के समय ऐसे घरों की तलाश करते थे, जहां गेट खुला मिलता था। आरोपी घर के अंदर प्रवेश कर चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाते थे। 26 अगस्त को भी एक घर में परिवार के सोने के दौरान आरोपी खुले मुख्य द्वार से अंदर घुसे और चार्जिंग पर लगे दो मोबाइल चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में 1 सितंबर को रामनगरीया थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
चोरी के मोबाइल औने-पौने दाम में बेचते थे
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए मोबाइल आरोपियों द्वारा हेमू मोबाइल प्वाइंट, जगतपुरा के संचालक हेमराज उर्फ हेमू को औने-पौने दाम में बेच दिए जाते थे। पुलिस के मुताबिक हेमराज चोरी के मोबाइल खरीदने के बाद उनके पार्ट्स निकालकर दूसरे ग्राहकों के मोबाइल में लगाकर बेचता था। इसी कारण चोरी के मोबाइल में सिम कार्ड नहीं होने से उनका पता लगाना मुश्किल हो जाता था।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में लाखन सिंह उर्फ भूरिया (19), अंशुल जैन उर्फ छोटू (23) और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले हेमराज उर्फ हेमू (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रामनगरीया थाने के प्रकरण सहित अन्य मामलों से जुड़े मोबाइल भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार कुल 15 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें 13 मोबाइल अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों को 1 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय कारागृह भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में रामनगरीया थानाधिकारी अनील कुमार टेलर, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम मीणा, कांस्टेबल मुनेश, शिवपाल, सुशील कुमार और चालक रवि कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक विक्रम मीणा की इस कार्रवाई में अहम भूमिका रही।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की है। आरोपी लाखन सिंह के खिलाफ अलवर के रेणी थाने सहित रामनगरीया थाने में चोरी एवं अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं, जबकि अंशुल जैन और हेमराज उर्फ हेमू के खिलाफ भी रामनगरीया थाने में प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.



