अजमेर में रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता विभाग के जॉइंट डायरेक्टर के परिवार के लॉकर की एसीबी टीम ने तलाशी ली। जांच में लॉकर से करीब 1.46 करोड़ के सोने-चांदी के ज्वेलरी मिली। इसके अलावा परिवार के 9 बैंक खातों में करीब 64 लाख रुपए मिले हैं। एसीबी अब बरामद संपत्ति और बैंक खातों में जमा रकम के स्रोत की पड़ताल कर रही है।
शुक्रवार को एसीबी ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था जो दूसरे दिन शनिवार को भी जारी था। पहले आरोपी के घर और अन्य ठिकानों पर दबिश दी गई। फिर उसके और परिवार के बैंक लॉकरों की तलाशी ली गई।
दरअसल, जयपुर एसीबी टीम ने 3 सितंबर को जॉइंट डायरेक्टर जयप्रकाश चारण के अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र के विनायक नगर स्थित घर पर गुरुवार रात को रेड डाली थी। 3 लाख रुपए रिश्वत लेते पकड़ा था। उन्होंने बिल पास करने की एवज में 5 लाख रुपए मांगे थे।

बैंक लॉकर्स से 1.46 करोड़ के सोने-चांदी के गहने मिले
एसीबी के अनुसार- लॉकर से करीब 945 ग्राम सोना और 1.027 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 46 लाख 43 हजार रुपए आंकी गई है। डीआईजी एसीबी डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया-आरोपी जयप्रकाश चारण और परिजनों से संबंधित दो बैंको में संचालित कुल 9 बैंक खातों की जांच की गई। जिनमें कुल 64 लाख 26 हजार 780 रुपए की राशि शेष पाई गई।
इनमें तीन खाते खुद जयप्रकाश चारण के हैं, तीन खाते उनकी मां के नाम हैं और तीन खाते उनकी पत्नी के नाम हैं। जिनमें अलग-अलग खातों से 13 लाख, 27 लाख, 17 लाख, 4 लाख, 1 लाख 3 हजार और अन्य खातों से बड़ी राशि पाई गई। एक बैंक खाते की राशि अभी सामने आना बाकी है, जिसकी जानकारी एसीबी को सोमवार को मिल पाएगी।
आभूषण और रकम के स्रोत की जांच
एसीबी के मुताबिक, लॉकर में मिले आभूषणों और बैंक खातों में उपलब्ध राशि से संबंधित डॉक्यूमेंट और रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं। इन संपत्तियों और रकम के स्रोत, स्वामित्व और ज्ञात आय के स्रोतों से संबंध की जांच नियमानुसार की जा रही है।
यह तलाशी कार्रवाई 3 सितंबर को की गई ट्रैप कार्रवाई के क्रम में जांच और सर्च के दौरान की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे का अनुसंधान और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






