जिला कलक्टर लोकबंधु ने बुधवार को करणपुर में पंचायत समिति,एसडीएम कोर्ट,तहसील, सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी में दवाइयों की उपलब्धता नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने एसडीएम को दवा आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए नियमित रूप से सीएचसी निरीक्षण के निर्देश दिये

दौरे पर जिला कलक्टर पीएम कुसुम सौर पम्प संयंत्र के स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद किया।करणपुर पहुंचने पर जिला कलक्टर ने पंचायत समिति,एसडीएम कोर्ट,तहसील कार्यालय,सीएचसी का औचक निरीक्षण किया।औचक निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति में एक कार्मिक के गैर हाजिर मिलने पर जिला कलक्टर ने जवाब तलब किया। कार्मिकों से जानकारी लेकर उन्होंने लम्बित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि उपखण्ड और ग्राम स्तर के अधिकारी-कार्मिक राज्य सरकार की मंशा के अनुसार आमजन को राहत दिलवाएं।ई-फाईल व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू करने के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि सभी राजकीय कार्यालयों में नियमित रूप से आमजन से जुड़े प्रकरणों की जनसुनवाई होनी चाहिए।जनसुनवाई का समय कार्यालय में प्रदर्शित करें और इसका रिकॉर्ड संधारित करते हुए संपर्क पोर्टल पर अपलोड भी करें। सीएचसी निरीक्षण के दौरान दवा वितरण केंद्र पर दवा ले रहे और वार्ड में भर्ती रोगियों से बातचीत कर जिला कलक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।इस दौरान दवाओं की अनुउपलब्धता की जानकारी मिलने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए एसडीएम श्री श्योराम को दवाओं की उपलब्धता के लिये निर्देशित किया।

एक्स-रे मशीन के नियमित रूप से संचालित नहीं होने की शिकायत पर एसडीएम को कार्रवाई के लिए निर्देशित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जांच रजिस्टर की लगातार चेकिंग करने के साथ-साथ सीएचसी का भी नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाये।इस दौरान बीसीएमओ डॉ.चरनजीत रोलां सहित स्टाफ मौजूद रहा।

इसके बाद जिला कलक्टर अटल सेवा केन्द्र करणपुर में आयोजित पीएम कुसुम सौर पम्प संयंत्र के स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए।जयपुर में आयोजित कार्यक्रम से जुड़े मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा वर्चुअल स्वीकृति पत्र पाने वाले किसान बलजिंदर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी 46 एफ मोड़ा से बातचीत करते हुए योजना का लाभ मिलने पर धन्यवाद दिया गया।जिला कलक्टर द्वारा चयनित किसानों को स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए।इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.सतीश कुमार शर्मा,तहसीलदार सुभाष शर्मा, प्रदीप शर्मा,एडीओ दलजीत सिंह, रोहिताश,नायब तहसीलदार जगदीश प्रसाद सहित अन्य मौजूद रहे।





