धौलपुर में कोतवाली थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई कर पशुओं से भरे तीन ट्रक जब्त किए हैं। ट्रकों में ठूंस-ठूंस कर भरे गए 119 पशुओं को पुलिस ने मुक्त कराया है। पुलिस ने तीनों ट्रक से चार पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। जो पशुओं को ट्रकों में लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रमेंद्र रावत ने बताया कि एसपी सुमित मेहरड़ा के निर्देश में मध्य प्रदेश बॉर्डर स्थित चंबल चैक पोस्ट पर नाकाबंदी कराई जा रही है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने ट्रकों में चोरी छिपे उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे पशुओं को मुक्त कराया है। तीन अलग-अलग ट्रकों में 119 पशु ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। जिन्हें मुक्त करते हुए पुलिस ने चार पशु तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया कि तीनों ट्रकों में पशुओं को भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था।
कोतवाल ने बताया कि अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस द्वारा लगातार नाकाबंदी कराई जा रही है। इस दौरान पूर्व में भी कई पशु तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के चलते नाकाबंदी में दूसरे वाहनों को भी चेक करने के बाद ही आगे प्रवेश दिया जा रहा है।






