जयपुर, 25 जून। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. की दौसा इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये भौंरीलाल जांगिड़ पटवारी पटवार हल्का बगड़ी, तहसील लालसोट, जिला दौसा को परिवादी से 7 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि ए.सी.बी. दौसा इकाई को एक शिकायत इस आशय की मिली कि तकासमा कार्यवाही करने की एवज में आरोपी भौंरीलाल जांगिड पटवारी पटवार हल्का बगड़ी, तहसील लालसोट, जिला दौसा द्वारा 7 हजार 500 रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है।
जिस पर एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस कालूराम रावत के सुपरवीजन में ए.सी.बी. दौसा इकाई के उप अधीक्षक पुलिस नवल किशोर मीणा के नेतृत्व में आज मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी भौंरीलाल जांगिड़ पटवारी पटवार हल्का बगड़ी, तहसील लालसोट, को परिवादी से 7 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नं. 94135-02834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी।






