Home » राजस्थान » जयपुर में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज:शिवराज सिंह चौहान सीएम आवास पहुंचे, उप चुनावों की रणनीति पर होगी चर्चा

जयपुर में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज:शिवराज सिंह चौहान सीएम आवास पहुंचे, उप चुनावों की रणनीति पर होगी चर्चा

राजस्थान में बीजेपी की सरकार बनने के बाद आज पहली बार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है। आज जयपुर में आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के आगामी एजेंडे का प्रस्ताव पास कराया जाएगा। बैठक के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जयपुर पहुंच गए हैं।

वहीं, लोकसभा चुनावों की परफोर्मेंस की समीक्षा के साथ आने वाले विधानसभा उप चुनावों में जीत की रणनीति भी बैठक में बनाई जाएगी। बैठक को लेकर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया- सीतापुरा के जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित होने वाली इस बैठक में करीब 8 हजार बीजेपी नेता और पदाधिकारी भाग लेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सीएम अवास पहुंचे
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिवराज सिंह चौहान का स्वागत किया। साथ में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मंत्री जोगाराम पटेल ,हीरालाल नागर अविनाश गहलोत ने भी स्वागत किया।

प्रभु लाल सैनी बोले- पार्टी की आगामी कार्ययोजना तय होगी
पूर्व मंत्री व पार्टी के उपाध्यक्ष प्रभु लाल सैनी ने बताया- आज की बैठक ऐतिहासिक होगी। पहली बार इस बैठक को इतने बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया- बैठक में विधानसभा उपचुनावों को लेकर रणनीति तय की जाएगी। राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। बजट लागू कैसे हो। कार्यकर्ताओं को टास्क दिए जाएंगे। पार्टी की आगामी कार्ययोजना भी तय की जाएगी।

बीजेपी नेता जेईसीसी पहुंच रहे
जेईसीसी में आयोजित हो रही बैठक में नेताओं, पदाधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बीजेपी प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर, मंत्री मदन दिलावर, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी, विधायक बालमुकुंद आचार्य, विधायक सुभाष मील, विधायक हंसराज मीना पहुंच गए हैं।

‘कांग्रेस वाले इस बात को बैठाने में सफल हो गए कि आरक्षण-संविधान खत्म हो रहा’
बीजेपी प्रत्याशी रहे कन्हैयालाल मीणा ने कहा- दौसा में कांग्रेस वाले इस बात को बैठाने में सफल हो गए कि आरक्षण और संविधान खत्म हो रहा है। ऐसी कोई नहीं बात है। सबको ये पता चल गया है। अब दौसा से बीजेपी अच्छे बहुमत से जीतेगी।
किरोड़ीलाल के इस्तीफे पर कन्हैया लाल ने कहा- हमने निवेदन किया है। लेकिन उन्होंने तय कर लिया है। हमने कहा है कि इस्तीफा नहीं दें। अब पार्टी सोचेगी। उन्होंने बताया दौसा से मैं दावेदारी नहीं कर रहा हूं।

बैठक में आयोजित होंगे दो अलग-अलग सत्र
प्रदेश कार्य समिति की बैठक में दिनभर में दो अलग-अलग सत्र आयोजित होंगे। इसमें संगठन की आगामी कार्य योजनाओं पर चर्चा करके प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। बैठक में मुख्य अतिथि शिवराज सिंह चौहान राजनीतिक प्रस्ताव पास करवाएंगे।
कार्य समिति में राज्य और केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बैठक में पार्टी के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा का जाएगी।

चारों केन्द्रीय मंत्रियों का किया जाएगा अभिवादन
बैठक में मोदी सरकार में राजस्थान के कोटे से शामिल चारों मंत्रियों अर्जुनराम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, भूपेन्द्र यादव और भागीरथ चौधरी का अभिवादन किया जाएगा। इस मौके पर बीजेपी के नवनिर्वाचित सांसद भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष, शहरी निकाय, पंचायतीराज और सहकारी संस्थाओं से जुड़े जनप्रतिनिधि और मंडल स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Poola Jada

Top Headlines

जयपुर परकोटा क्षेत्र की विरासत संरक्षण व शहरी नियोजन के संबंध में कार्यशाला का हुआ आयोजन

व्यापारिक संगठनों से हुआ संवाद हिंद न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा मंगलवार को प्रातः 11