क्रेटा कार में आए बदमाशों ने बाइक को टक्कर मारकर धारदार हथियारों से हमला करने वाले तीन आरोपियों को बालोतरा जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि 3 अक्टूबर को एमडीएम हॉस्पिटल जोधपुर में घायल मोईनुदीन ने पर्चा बयान दिए। जिसमें बताया कि 2 अक्टूबर की रात को तीन साथियों के साथ बाइक पर घर जा रहा था। इतने में पीछे आई सफेद रंग की क्रेटा कार में सवार बदमाशों ने बाइक के टक्कर मारकर हमें नीचे गिरा दिया। धारदार हथियार से मेरे कान, नाक, ललाट काट दिए। पुलिस ने बयान के आधार पर बीएनएस की धाराओ में मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। वहीं आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिशें दी गई।
बालोतरा थाने के एसआई उमेश विश्नोई ने बताया – मामले की गंभीरत को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए परंपरागत पुलिसिंग, तकनीकी और सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को डिटेन किया। आदम खान पुत्र गफूर खान, सुमार खान पुत्र ईशाक खान, रतन खान पुत्र आरबा खान सभी निवासी जसेका गांव पुलिस थाना शिव जिला बाड़मेर से पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश करने के साथ पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पीसी रिमांड पर लिया जाएगा। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल करनाराम, कांस्टेबल रूपाराम, देवाराम शामिल रहे। आदम खान के खिलाफ रामसर में पहले से एक मामला दर्ज है।-






