श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर थाना पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित 3 बदमाशों को कार में 33 ग्राम हेरोइन ले जाते पकड़ा। यह हेरोइन तीनों बदमाशों के पास अलग-अलग मात्रा में पुड़िया के रूप में रखी था।
पुलिस को श्रीकरणपुर के पदमपुर रोड पर भारत माला अंडरब्रिज के पास बदमाशों के हेरोइन लाने की सूचना मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए तीनों बदमाशों को धर दबोचा गया। तीनों बदमाश पहले भी कई आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं। तीनों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं और थानों में 28 मामले दर्ज हैं।
आरोपियों में से एक श्रीगंगानगर के सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। आरोपियों की कार पुलिस ने जब्त कर ली है। कार में एक गंडासा, 2 लोहे की रॉड और डंडा भी बरामद हुआ है। इसके अलावा कार में नशे के उपयोग से जुड़ा कुछ अन्य सामान भी मिला है।
पुलिस को बुधवार रात श्रीकरणपुर इलाके में 3 बदमाशों के कार में हेरोइन लाने की सूचना मिली थी। इस पर श्रीकरणपुर की पदमपुर रोड पर सफेद रंग की कार को रोका गया। पुलिस ने तलाशी ली तो कार में सवार सदर थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुरा के रहने वाले जसनदीप सिंह (32) पुत्र बलजिंद्र सिंह, गौरव (21) पुत्र मनदीप सिंह और गांव 41 एफ के बलराज सिंह (25) पुत्र जसकरणसिंह के पास अलग-अलग मात्रा में यह हेरोइन मिली।
जसनदीप सिंह के पास 12 ग्राम, बलराज सिंह के पास 11 ग्राम और गौरव के पास 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। कार की तलाशी ली तो इसमें एक गंडासा, 2 लोहे की रॉड और एक डंडा बरामद हुआ। जसनदीप के खिलाफ विभिन्न अपराधों में 10 मामले दर्ज हैं। वहीं गौरव के खिलाफ सात और बलराज के खिलाफ 11 मामले पूर्व में दर्ज है। मामले की जांच गजसिंहपुर एसएचओ राकेश सांखला को दी गई है।





