जयपुर में तीसरी मंजिल से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। सेफ्टी जाली नहीं लगी होने के कारण काम करते समय पैर फिसलने से नीचे आ गिरी। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने महात्मा गांधी हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने लापरवाही के चलते महिला की मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ASI कल्याण प्रसाद ने बताया- हादसे में गोकुल विहार बुद्धसिंहपुरा सांगानेर निवासी मूली देवी (45) पत्नी पप्पूलाल की मौत हो गई। वह सीतापुरा रिको एरिया में मजदूरी के लिए गई थी। मंगलवार को वह बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर काम कर रही थी। दोपहर करीब 3 बजे काम करते समय पैर फिसलने से अनियंत्रित होकर नीचे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। ठेकेदार ने साथी मजदूरों के साथ मिलकर गंभीर घायल हालत में मूली देवी को महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया।
इलाज के दौरान मूली देवी की मौत हो गई। मेडिकल सूचना पर सांगानेर सदर थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे दीपक महावर का कहना है कि मकान मालिक और ठेकेदार की लापरवाही के चलते मां की मौत हुई है। काम काज के दौरान साइड पर सेफ्टी जाली नहीं लगा रखी थी। दीपक ने लापरवाही के चलते मां की मौत होने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।






