RPSC (राजस्थान लोक सेवा आयोग) की ओर से RAS मेंस-2023 का रिजल्ट इसी महीने एक सप्ताह बाद जारी किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार एग्जाम की कॉपी चेकिंग का काम पूरा हो गया है। वर्तमान में री-चेकिंग की जा रही है, हालांकि परिणाम घोषित करने की आयोग ने अधिकृत घोषणा नहीं की है।
RPSC की ओर से 5 जिला मुख्यालयों के 71 परीक्षा केंद्रों पर 20 और 21 जुलाई को 5 जिला मुख्यालयों के 71 एग्जाम सेंटर पर आरएएस मेन्स-2023(राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी) का आयोजन किया गया था। 19 हजार 355 कैंडिडेट्स में से 16 हजार 405 एग्जाम में शामिल हुए थे।
वहीं 2950 अनुपस्थित रहे। उपस्थिति 84.76 प्रतिशत रही। अब कैंडिडेट्स को रिजल्ट का इंतजार है। रिजल्ट आने के बाद इंटरव्यू होगा। इंटरव्यू के बाद फाइनल रिजल्ट घोषित करेगा। इस पूरे प्रोसेस में करीब 6 महीने का समय लगने की उम्मीद है।
प्री में बैठे थे 4 लाख 58 हजार अभ्यर्थी बता दें कि RAS के 907 पदों पर भर्ती के लिए 28 जून 2023 को विज्ञापन जारी किया गया था। बाद में इसके पदों की संख्या बढ़ाकर 972 कर दी गई थी। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 1 अक्टूबर 2023 को किया गया। इसमें 4 लाख 58 हजार अभ्यर्थी सम्मिलित हुए।
मेन्स के लिए कुल 19 हजार 355 अभ्यर्थी हुए थे सफल इसके बाद मॉडल आंसर-की जारी कर प्रश्नों पर आपत्तियां मांगी गई। निर्धारित अवधि दौरान आयोग को कुल 2200 अभ्यर्थियों की आपत्तियां प्राप्त हुई। आपत्तियों का परीक्षण विषय विशेषज्ञों से करवाने के बाद 5 प्रश्न विलोपित और 3 प्रश्नों के उत्तर बदले गए। 19 अक्टूबर 2023 को आरएएस प्री परीक्षा-2023 का परिणाम जारी किया गया। इसमें कुल 19 हजार 355 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के सफल घोषित किए गए।

पिछली भर्तियों की ये रही थी स्थितियां…
- आरएएस भर्ती 2013 का विज्ञापन 18 जून 2013 को जारी हुआ। यह परीक्षा 990 पदों के लिए आयोजित की गई थी। प्री परीक्षा का परिणाम विज्ञापन जारी होने के 2 साल 5 माह 11 दिन बाद 29 नवम्बर 2015 को जारी हुआ। इसके 4 माह 11 दिन बाद 9 से 12 अप्रैल 2016 को मुख्य परीक्षा आयोजित की की ग गई। मुख्य परीक्षा आयोजित होने के 2 माह 3 दिन बाद 15 जून 2016 मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी हुआ। इस परीक्षा की प्रक्रिया को पूरा होने में 3 साल 5 माह 18 दिन का समय लगा।
- आरएएस भर्ती 2016 का विज्ञापन 28 अप्रैल 2016 को जारी हुआ। यह परीक्षा 725 पदों के लिए आयोजित की गई। विज्ञापन जारी होने के 4 माह 18 दिन बाद 15 सितम्बर 2016 को प्री-परीक्षा का परिणाम जारी हुआ। इसके 6 माह 12 दिन बाद 27 व 28 मार्च 2017 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। मुख्य परीक्षा आयोजित होने के 2 माह 29 दिन बाद मुख्य परीक्षा का परिणाम 25 जून 2017 को जारी हुआ। यह परीक्षा केवल 1 साल 5 माह और 19 दिन की अवधि में पूरी हो गई।
- आरएएस भर्ती 2018 का विज्ञापन 2 अप्रैल 2018 को जारी हुआ। यह परीक्षा 1051 पदों के लिए आयोजित की गई। विज्ञापन जारी होने के 6 माह 21 दिन बाद 23 अक्टूबर 2018 को प्री-परीक्षा का परिणाम हुआ। इसके 8 माह 2 दिन बाद 25 व 26 जून 2019 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। मुख्य परीक्षा आयोजित होने के 1 साल 13 माह बाद मुख्य परीक्षा का परिणाम 9 जुलाई 2020 को जारी हुआ। अन्तिम परिणाम 7 मई 2021 को जारी हुआ। इस परीक्षा को पूरा होने में 3 साल 3 माह और 11 दिन का समय लगा।
- आरएएस भर्ती 2021 का विज्ञापन 20 जुलाई 2021 को जारी हुआ। यह परीक्षा 988 पदों के लिए आयोजित की गई। विज्ञापन जारी होने के 4 माह बाद 19 नवम्बर 2021 को प्री-परीक्षा का परिणाम जारी हुआ। इसके 4 माह बाद 20 मार्च व 21 मार्च 2022 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। मुख्य परीक्षा आयोजित होने के 5 माह 9 दिन बाद 30 अगस्त 2022 को मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी हुआ। इस परीक्षा को पूरा होने में 2 साल 3 माह 28 दिन का समय लगा।

आरएएस-2024 के लिए भर्ती प्रोसेस शुरू
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आरएएस-2024 में कुल 733 पदों के लिए भर्ती निकाली। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 19 सितंबर से शुरू हुए और लास्ट डेट 18 अक्टूबर रखी गई। इनमें राज्य सेवा के 346 और अधीनस्थ सेवा के 387 पद हैं। एग्जाम 2 फरवरी को प्रस्तावित है।
आयोग की RAS-PRE परीक्षाओं में उपस्थिति -:
| वर्ष | आवेदक | उपस्थित | प्रतिशत |
| 2008 | 1,97,287 | 1,33,470 | 67.65 |
| 2010 | 3,68,519 | 2,82,245 | 76.58 |
| 2012 | 3,87,887 | 2,55,178 | 65.78 |
| 2013 | 4,07,873 | 1,71,405 | 42.02 |
| 2016 | 4,08,658 | 3,03,661 | 74.3 |
| 2018 | 4,97,041 | 3,75,156 | 75.47 |
| 2021 | 6,48,000 | 3,20,034 | 49.37 |
| 2023 | 6,96,969 | 4,57,957 | 65.71 |






