राजस्थान में 23 दिसंबर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, कोटा संभाग के 4 जिलों में 23, 24 दिसंबर को बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। 25 दिसंबर से एक दूसरा सिस्टम फिर एक्टिव होगा, जिसके असर से पूर्वी राजस्थान के साथ-साथ उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान के 6 जिलों में बारिश हो सकती है।
उधर, 7 जिलों में आज शीतलहर चलने का येलो अलर्ट और इतने ही जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
फतेहपुर (सीकर) और भीलवाड़ा में शनिवार सुबह घना कोहरा रहा। फतेहपुर में सुबह कोहरे के चलते विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। वहीं, भीलवाड़ा के दिल्ली-मुंबई नेशनल हाईवे पर रायला गुलाबपुरा की ओर सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही।
पिछले 24 घंटे का राजस्थान का मौसम देखें तो राज्य के अधिकांश शहरों में धुंध रही और आसमान में हल्के बादल रहे। इसके कारण पूरे राज्य में सूरज की तपिश कमजोर रही। दिन के तापमान में गिरावट हुई। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और कोटा संभाग के जिलों में कल (शुक्रवार) पूरे दिन सर्द हवा चली और ठिठुरन रही।
बाड़मेर, जैसलमेर जैसे गर्म शहरों में कल अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। जैसलमेर में कल अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 23.1, बाड़मेर में 23.3, कोटा, सीकर में 23, जयपुर में 22.1, पिलानी में 21.9, अजमेर में 22.3 और उदयपुर में 24.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
सबसे ठंडा दिन कल हिल स्टेशन माउंट आबू में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में कल दिन का तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस और हनुमानगढ़ में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बादल छाने से रात का तापमान बढ़ा राज्य में अधिकांश जगह धुंध और बादल होने से रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुआ। हनुमानगढ़, करौली, माउंट आबू, बीकानेर, जयपुर और अजमेर में कल न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज हुई।






