राजस्थान की उत्कर्ष कोचिंग एक बार फिर विवादों में है। कोचिंग के सेंटर्स पर देशभर में इनकम टैक्स ने छापेमारी की है। सुबह करीब छह बजे जयपुर, जोधपुर, इंदौर, प्रयागराज सहित अधिकतर केंद्रों पर अलग-अलग टीमें पहुंचीं।
आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग के जॉइंट डायरेक्टर प्रेरणा चौधरी के निर्देशन में यह कार्रवाई हो रही है। जानकारी के अनुसार, उत्कर्ष कोचिंग समूह के डायरेक्टर निर्मल गहलोत के उम्मेद हैरिटेज स्थित बंगले और संस्थान के बासनी मंडी के सामने स्थित मुख्यालय पर कार्रवाई चल रही है। यहां क्लासेज से बच्चों को बाहर निकालकर ऑफिस में रखे तमाम दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए थे। साथ ही आयकर अधिकारियों ने सेंटर्स पर मौजूद स्टाफ के मोबाइल भी जब्त कर उन्हें वहीं पर बैठा दिया।
जोधपुर में 16 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई जोधपुर के 16 और जयपुर-इंदौर-प्रयागराज के एक-एक ठिकानों पर आयकर विभाग के कर्मचारी मौजूद हैं। अचानक हुई कार्रवाई से कोचिंग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, फिजिक्स वाला और उत्कर्ष की कुछ महीनों पहले पार्टनरशिप को लेकर बड़ी डील हुई थी। उसके बाद से मैनेजमेंट में फिजिक्स वाला की इन्वॉल्वमेंट शुरू हुई थी। आयकर विभाग को ऐसी शिकायतें मिली थी कि 800 करोड़ से ज्यादा की इस डील में बड़े पैमाने पर अघोषित लेनदेन शामिल है।
इसके बाद से ही आयकर विभाग के अधिकारी उत्कर्ष के ठिकानों पर नजर रखे हुए थे। आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग के जॉइंट डायरेक्टर प्रेरणा चौधरी के निर्देशन में यह कार्रवाई हो रही है। जानकारी के अनुसार, निर्मल गहलोत के उम्मेद हेरिटेज स्थित बंगले और संस्थान पर कार्रवाई चल रही है।
छापेमारी में उत्कर्ष के बड़े वेंडर्स भी शामिल उत्कर्ष कोचिंग समूह पर छापेमारी में आयकर विभाग की टीमों ने समूह से जुड़े अन्य लोगों और व्यवसायियों पर भी कार्रवाई की है। इनमें समूह को कम्प्यूटर हार्डवेयर सप्लाई करने वाले हरी एंटरप्राइजेज, प्रिंटिंग का काम करने वाले जैन समूह, उत्कर्ष के अकाउंटिंग विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले और अन्य मटेरियल सप्लाई करने वाले बड़े वेंडर्स पर भी कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि इन्हीं में एक वेंडर ऐसा भी है, जिन्होंने शहर में इलेक्ट्रॉनिक्स की सामान्य दुकान से शुरुआत की थी। इस वेंडर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के मकान छोड़कर शहर की सबसे पॉश और महंगी आवासीय कॉलोनी उम्मेद हैरिटेज में बंगला खरीदने और सबसे महंगे व्यवसायिक इलाकों में से एक जलजोग क्षेत्र में शोरूम लगाने तक पर आयकर विभाग की नजर पहले से थी।
आईपीओ की तैयारियों पर भी असर की आशंका सूत्रों के अनुसार फिजिक्स वाला-उत्कर्ष डील के बाद इसके मालिक आईपीओ लाने की भी तैयारियों में जुटे थे। ऐसे में गुरुवार को हुई आयकर विभाग की कार्रवाई का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष असर भी उन तैयारियों पर पड़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। वहीं पिछले कुछ महीने में प्रॉपर्टी से जुड़े बड़े सौदे भी किए गए थे। इनकी भी जानकारी टीम को मिली है।






