राजधानी जयपुर में दिनों – दिन बढ़ती ठंड में आम जनता को राहत देने के लिए नगर निगम हेरिटेज द्वारा अस्थाई रैन बसेरे बनाए गए हैं। जहां जरूरतमंद लोग अपना आईडी कार्ड दिखाकर न सिर्फ रह सकते हैं। बल्कि, नगर निगम द्वारा उन्हें फ्री भोजन भी दिया जा रहा है। जिसका निरीक्षण करने के लिए गुरुवार को यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खारा खासा कोठी सर्किल स्थित रैन बसेरे में पहुंचे। जहां उन्होंने जरूरतमंद लोगों को कंबल भी वितरित किए।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि शहर में बहुत ज्यादा सर्दी पड़ रही है। इस सर्दी में भी जयपुर में हर दिन हजारों की संख्या में लोग अपने काम काज के लिए आते है। ऐसे में हेरिटेज निगम की ओर से लगाए गए रैन बसेरों में ही आमजन के लिए ठहरने और खाने पीने की व्यवस्था की गई है। जिसको जांचने के लिए आज मैं खासा कोठी सर्किल स्थित रैन बसेरे में पहुंचा हूं। जहां नगर निगम हेरिटेज द्वारा माकूल व्यवस्थाएं की गई है।
इस दौरान मेयर कुसुम यादव ने बताया कि हेरिटेज निगम की ओर से लगाए गए अस्थाई रैन बसेरों में 500 से अधिक कंबल वितरण किए गए। इस दौरान खासा कोठी पुलिया के नीचे, हसनपुरा, अजमेर पुलिया के पास रह रहे बाशिंदों को कंबल वितरण कर भीषण सर्दी से राहत पहुंचने की कोशिश की गई है। इसके साथ ही अस्थाई रैन बसेरों में लगातार निरीक्षण भी किया जा रहा है।
ताकि आमजनता को किसी तरह की तकलीफ नहीं हों। उन्होंने बताया कि नगर निगम हेरिटेज द्वारा जरूरत मंद लोग अपनी आई डी दिखाकर कर फ्री रैन बसेरे में एंट्री ले सकते है। जहां पुरुष और महिलाओं के लिए अलग – अलग रैन बसेरों में रुकने की व्यवस्था की गई है।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के दौरे के दौरान मेयर कुसुम यादव, कमिश्नर अरुण हसीजा, एडिशनल कमिश्नर सुरेंद्र सिंह यादव, पार्षद और निगम अधिकारी मौजूद रहे।






