राजस्थान के विभिन्न शहरों में शनिवार सुबह भी घना कोहरा रहा। कई शहरों में तो विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही। श्रीगंगानगर सहित 7 से ज्यादा जिलों में हाईवे पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं।
वहीं, दिल्ली में घने कोहरे के कारण 12 फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया है। डीग में बस स्टैंड पर खड़े एक बुजुर्ग को डंपर ने कुचल दिया।
उधर, उत्तर भारत में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिर्स्टबेंस का असर 5 जनवरी को राजस्थान में भी देखने को मिल सकता है। बीकानेर संभाग के गंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में कल (रविवार) बादल छा सकते हैं।
कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस सिस्टम के जाने के बाद 7 जनवरी से प्रदेश में एक बार फिर से उत्तरी हवा का असर बढ़ेगा और तापमान गिरने से सर्दी तेज होने की संभावना है।

एक हजार से ज्यादा पैसेंजर्स परेशान
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अचानक बेंगलुरु, कोलकाता,चेन्नई, हैदराबाद, पुणे, भुवनेश्वर, चेन्नई, गुवाहाटी, नागपुर सहित 10 से ज्यादा शहरों की फ्लाइट को जयपुर में लैंड कराया गया है।
एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है ये सभी फ्लाइट जयपुर जा रही थीं, लेकिन वहां विजिबिलिटी बहुत खराब है। जयपुर एयरपोर्ट पर एक हजार से ज्यादा पैसेंजर्स के पहुंचने से थोड़ी अव्यवस्था भी हुई।
पैसेंजर्स भी अचानक ट्रेवल प्लान में हुए बदलाव से परेशान नजर आए। एक इंटरनेशनल फ्लाइट और चार्टर प्लेन भी डायवर्ट होकर जयपुर पहुंचा है।
भरतपुर में सीजन का सबसे घना कोहरा भरतपुर में शनिवार को इस सीजन का सबसे घना कोहरा छाया। शुक्रवार रात 10 बजे से शहर में कोहरा छाना शुरू हो गया था। आज छाए घने कोहरे के चलते सुबह 9 बजे तक सूरज नहीं निकला।
विजिबिलिटी भी 20 मीटर तक की रही। डीग के पहाड़ी एक बुजुर्ग बलराम को डंपर ने कुचल दिया। बलराम बस का इंतजार कर रहे थे। आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

दौसा में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया दौसा जिले में लगातार दूसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। कोहरे के कारण एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार कम है।

श्रीगंगानगर में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम श्रीगंगानगर में इन दिनों घना कोहरा छा रहा है। आज भी तेज धुंध रही। विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही, हालात यह रहे कि सामने से आ रही गाड़ी भी साफ नहीं दिखाई दे रही थी। न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

कोटा में निकली धूप, सर्दी से मिली राहत कोटा में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह करीब 8 बजे धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 18 डिग्री से बढ़ कर 21.8 पहुंचा। न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया है।

पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य में सभी जगह आसमान साफ रहा और धूप निकली। कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, गंगानगर अन्य जिलों में शुक्रवार सुबह कोहरा रहा, लेकिन दोपहर बाद यहां मौसम साफ हो गया। सबसे ज्यादा तापमान कल डूंगरपुर में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इसी तरह जोधपुर, बाड़मेर में 30.7 और नागौर में 30.7, जालोर, चित्तौड़गढ़ में 30.2 और उदयपुर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इन शहरों में दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली।
राजधानी जयपुर में भी दिन में तेज धूप रही और अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। अजमेर में तापमान 28.8, भीलवाड़ा में 28.9, प्रतापगढ़ में 28.2, दौसा में 29.9, बीकानेर में 27.4 और जैसलमेर में 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इधर कोटा में अधिकतम तापमान 21.8, अलवर में 23, श्रीगंगानगर में 20, धौलपुर में 20.2, हनुमानगढ़ में 17.4 और माउंट आबू (सिरोही) में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अब आगे क्या? जयपुर मौसम केन्द्र ने आज (शनिवार) प्रदेश में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना जताई है। 5 जनवरी को हनुमानगढ़, गंगानगर के एरिया में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश, बूंदाबांदी होने की संभावना है। 6-7 जनवरी को प्रदेश में मौसम ड्राय रहने और 7 जनवरी से उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से न्यूनतम-अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।






