जयपुर में दिनदहाड़े डिलीवरी बॉय का बैग स्कूटी सवार बदमाश चोरी कर ले गए। डिलीवरी बॉय बाइक पर बैग छोड़कर घर के अंदर पार्सल देने गया था। इस दौरान स्कूटी पर आए बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित डिलीवरी बॉय ने आदर्श नगर थाने में FIR दर्ज करवाई है। पुलिस फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार चोरों की तलाश कर रही है।
हेड कॉन्स्टेबल घमंडी लाल ने बताया कि निवाई टोंक निवासी दिलराज गुर्जर (25) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह डेल्हीवेरी लिमिटेड लॉजिस्टिक माल परिवहन सेवा कंपनी में डिलीवरी बॉय की जॉब करता है। रोज की तरह शनिवार सुबह डिलीवरी पार्सल लेकर बाइक से निकला था। दोपहर करीब 12 बजे वह रामदास मार्ग LBS कॉलेज के पास पार्सल देने आया था। कस्टमर के घर के बाहर बाइक खड़ी कर बैग से उसका पार्सल निकाला। खड़ी बाइक पर बैग रखकर वह घर के अंदर पार्सल देने चला गया। पार्सल देने के साथ ही पानी पीकर घर से बाहर आया तो बाइक पर रखा बैग गायब मिला।
CCTV फुटेज में कैद हुई चोरों की करतूत
इधर-उधर तलाशने पर भी बैग का पता नहीं चला। इसके बाद घर के बाहर लगे CCTV फुटेजों को खंगाला तो स्कूटी सवार बदमाश बैग ले जाते नजर आए। दोपहर 12:08 बजे स्कूटी पर दो लड़के बाइक के पास आते दिखाई दिए। स्कूटी पर पीछे बैठा बदमाश कुछ सेकेंड में चलती स्कूटी से ही बाइक पर रखा बैग उठा लेता है और तेजी से स्कूटी दौड़ते हुए फरार हो जाते है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए बैग में कुल 39 पार्सल थे, जिनकी कीमत 30 हजार 627 रुपए है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों को ढूंढ रही है।





