आबूरोड रेलवे स्टेशन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और कांग्रेस विधायक मोतीराम कोली की मुलाकात हुई। इसी दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह बछड़ा तो हमारा ही था, जो खूंटा तोड़कर भाग गया। जिसपर हंसते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाग नहीं गया, दूध पीकर वापस आएगा। जिसके बाद सभी नेता जोर से हंसने लगे।

दिल्ली और जयपुर जाने के लिए पहुंचे थे दोनों नेता
दरअसल रविवार रात पौने 10 बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ अपने सिरोही एक दिवसीय दौरे को पूरा कर दिल्ली जाने के लिए आबूरोड स्टेशन पहुंचे थे। वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ स्टेशन के वेटिंग रूम में भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठे थे। इसी दौरान रेवदर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेसी विधायक मोतीराम कोली भी जयपुर जाने क़े लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद कोली उनसे मिलने वेटिंग रूम में पहुंचे। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोबाइल पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मैच देखते नजर आए।
भारतीय खिलाड़ियों ने हमेशा देश का मान बढ़ाया
भारत की जीत पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने हमेशा देश का मान बढ़ाया है और आज फिर ट्रॉफी जीतकर साबित कर दिया कि क्रिकेट में भारत ही सबसे बेहतरीन टीम है।

विधायक मोतीराम कोली रह चुके भाजपा और संघ में
विधायक मोतीराम कोली बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। उन्होंने संघ शिक्षा वर्ग का प्रथम वर्ष भी किया था। भाजपा में कार्य करते हुए 1995 में भाजपा के टिकट पर वे प्रधान बने। इसके बाद उन्होंने भाजपा से विधायक की टिकट की मांग की। टिकट नहीं मिलने पर 2003 में भाजपा छोड़ निर्दलीय चुनाव लड़ा। इस चुनाव में हारने के बाद में उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वॉइन की और जिला परिषद सदस्य भी बने। इसके बाद कांग्रेस पार्टी से 2023 का टिकट मिलने पर जीतकर रेवदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने।






