Jaipur: एशियन गेम्स में भारत ने अपना पहला गोल्ड मेडल जीता है। मेंस 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारतीय निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल ने 1893.7 स्कोर हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। गोल्ड मेडल जीतने वाले भारतीय निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार जयपुर के रहने वाले हैं।

दिव्यांश के पिता अशोक पंवार जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ नर्सिंग स्टाफ के रूप में काम करते हैं। मां निर्मला देवी भी नर्स हैं। घर पर ही मेडिकल स्टोर चलाती हैं।
दिव्यांश के पिता ने बताया- कुछ साल पहले दिव्यांश को ऑनलाइन गेम पबजी खेलने की लत लग गई थी। इस लत को छुड़ाने के लिए दिव्यांश को भी बड़ी बहन मानवी के साथ जयपुर के जगतपुरा शूटिंग रेंज पर भेजना शुरू किया।

गोल्ड मेडल जीतने के बाद दिव्यांश ने बताया- जैसे ही हमें पता चला कि हमने भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता है, खुशी का ठिकाना नहीं था। राष्ट्रगान बजते वक्त जो अहसास हुआ, वो बताया नहीं जा सकता। कल हम मिक्स-मैच खेलेंगे। हम भारत के लिए एक और पदक लाने की कोशिश करेंगे।
जयपुर के बाद दिव्यांश को दिल्ली के कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में कोच दीपक कुमार दुबे के पास प्रशिक्षण के लिए भेज दिया था। दिव्यांश जूनियर वर्ल्ड शूटिंग चैम्पियनशिप और जूनियर वर्ल्ड कप में भी दो गोल्ड सहित तीन मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने 2018 में जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप में मिक्स्ड इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। जबकि वर्ल्ड कप में दो गोल्ड मेडल जीते।
दिव्यांश बीजिंग ओलिंपिक 2008 में गोल्ड मेडल जीत चुके अभिनव बिंद्रा को अपना आदर्श मानते हैं। वे एक इंटरव्यू में भी कह चुके हैं कि अभिनव बिंद्रा को उन्होंने मेडल जीतते हुए टीवी पर देखा है। वह भी उसी तरह देश के लिए मेडल जीतना चाहते हैं।






