जयपुर के भीड़भाड़े वाले इलाके में युवक की हत्या से दहशत फैल गई है। बाइकों की टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ था। इस दौरान झगड़ा कर रहा एक युवक रोकने आए लोगों से गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद लोगों ने सरिये-डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया था।

हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ आरोपियों को डिटेन कर लिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। वहीं, पुलिस ने गुस्साए लोगों से समझाइश कर जाम भी खुलवा दिया है। इस केस में पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों को राउंडअप भी किया है
SHO (सुभाष चौक) सुरेश सिंह खटीक ने बताया- जयपुर में फूटा खुर्रा रामगंज के रहने वाले इकबाल (18) पुत्र अब्दुल मजीज का मर्डर हुआ है। रात करीब 10.45 बजे जयसिंहपुरा खोर से इकबाल बाइक लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान गंगापोल में राहुलजी का बाजार में उसकी बाइक दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। बाइक टक्कर होने की बात को लेकर दोनों युवकों में गाली-गलौज हो गई थी।

इस दौरान वहां खड़े बुजुर्ग ने दोनों को गाली-गलौज करने से मना किया। इसको लेकर इकबाल की वहां खड़े लोगों से भी कहासुनी हो गई और उन्होंने इकबाल को डंडे-सरिये से पीटना शुरू कर दिया। पैर-सिर पर ताबड़तोड़ वार से इकबाल लहूलुहान हो गया। इस दौरान दूसरा घायल युवक वहां से भाग निकला।






