Home » राजस्थान » ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान‘ के तहत वैज्ञानिक किसानों से करेंगे सीधा संवाद

‘विकसित कृषि संकल्प अभियान‘ के तहत वैज्ञानिक किसानों से करेंगे सीधा संवाद

जयपुर, शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी राजन विशाल की अध्यक्षता में सोमवार को पंत कृषि भवन के सभा कक्ष में केन्द्र व राज्य सरकार और आईसीएआर के सहयोग से चलाये जा रहे ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान‘ के सफल क्रियान्वयन हेतु वीडियो कॉन्फ्रेन्सिग के माध्यम से सभी जिलों के संयुक्त निदेशक, समस्त कृषि विज्ञान केन्द्र, आईसीएआर के संस्थान, कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
शासन सचिव ने बताया कि यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘लैब टू लैंड विजन‘ यानि प्रयोगशाला से खेत तकी की सोच को साकार करना है। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी एवं वैज्ञानिक गांव-गांव पहुंचकर खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी किसानों को देंगे।
उन्होंने बताया कि ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान‘ के तहत खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों से सम्बन्धित आधुनिक तकनीकों, प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के बारेे में जागरूक करना, केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं व नीतियों के बारे में किसानों को शिविर लगाकर जानकारी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में आईसीएआर एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी जन प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, कृषि उद्यमी एपीओ और स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को इस अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये और स्थानीय जन प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के लिए कहा। राजन विशाल ने बताया कि अभियान के सुचारू क्रियान्वयन हेतु राज्य एवं जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है। इस अभियान की राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग के लिए निदेशक समेति आत्मा, दुर्गापुरा, जयपुर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसी प्रकार जिला स्तर पर अभियान की मॉनिटरिंग के लिए संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किये गये हैं।
बैठक में आयुक्त कृषि सुश्री चिन्मयी गोपाल, आयुक्त उद्यानिकी श्री सुरेश कुमार ओला, अतिरिक्त निदेशक कृषि विपणन विभाग श्री रविन्द्र कुमार शर्मा सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS