CWC सदस्य और पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र टोंक के करीब एक दर्जन गांवों का दौरा किया। इस दौरान वे सवाई माधोपुर पुलिया से ट्रैक्टर चलाकर करीब 400 मीटर दूर जगदीश नगर स्थित कांग्रेस नेता दिनेश चौरसिया के पेट्रोल पंप तक पहुंचे। लोगों ने करीब 12 जेसीबी पर चढ़कर फूल बरसा कर उनका स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि सत्ता की चाबी किसी नेता के पास नहीं, जनता के पास होती है। जनता जिसे चाहेगी, उसे सत्ता मिलेगी। उन्होंने कहा- राहुल जी कहते हैं युवाओं को मौका दिया जाएगा। मैं तो युवाओं को माैका देने का पक्षधर हूं, लेकिन वे पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हों। जीतने वाले युवा को मौका मिलेगा, इस पर पार्टी काम कर रही है। कांग्रेस पहले से ज्यादा सीटें जीतेगी।

सचिन पायलट भरनी गांव भी गए और लोगों से मुलाकात की। यहां पायलट ने ग्रामीणों के साथ पंगत में बैठकर खाना खाया।

कांग्रेस और भाजपा में मुख्य मुकाबला
पायलट ने कहा कि राजस्थान में तीसरी पार्टी का अस्तित्व नहीं है। छोटे दल या अन्य लोग चुनाव लड़ेंगे, लेकिन कांग्रेस और भाजपा में ही मुख्य मुकाबला होगा।
पीएम बार-बार आ रहे हैं, पर राजस्थान के लिए कुछ कर नहीं रहे
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि पीएम बार-बार राजस्थान आ रहे हैं और कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। लेकिन, वे 9 साल से कुछ कर नहीं रहे हैं। राजस्थान के लिए कोई विशेष दर्जा नहीं दिया है। जबकि उनके पास पूर्ण बहुमत है। गरीब और अमीर की खाई बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार राजस्थान की योजनाओं के लिए पैसा नहीं दे रही है।







