स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती पेपर लीक मामले में निलंबित कॉन्स्टेबल को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी कॉन्स्टेबल ने कैंडिडेट को प्रश्न-उत्तर उपलब्ध करवाकर एसआई एग्जाम पास करवाया गया था। एसओजी ने आरोपी कॉन्स्टेबल पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
एडीजी (एसओजी/एटीएस) वीके सिंह ने बताया- गिरफ्तार आरोपी शिवसिंह (43) पुत्र कल्याणसिंह निवासी सबलपुरा सदर सीकर का रहने वाला है। दसवीं बटालियन आरएसी बीकानेर की बी कंपनी में वह कॉन्स्टेबल के पद पर था। एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की लिखित परीक्षा से पहले अपने साथी संदीप कुमार लाटा से अभ्यर्थी सुरेन्द्र कुमार बगड़िया और रविंद्र सिंह को लीक पेपर उपलब्ध करवाने के लिए सौदा किया था। तय सौदे के अनुसार धनराशि लेकर रविन्द्र सिंह के जरिए शिवसिंह को प्रश्न-उत्तर उपलब्ध करवाए।
साथी संदीप कुमार लाटा की ओर से रविन्द्र सिंह को एग्जाम से पहले अपने आवासीय क्वार्टर उदयपुर में प्रश्न-उत्तर पढ़वाए गए। पेपर पढ़कर एग्जाम में आरोपी सुरेन्द्र कुमार बगड़िया का एसआई प्रशिक्षु के पद पर मेरिट क्रमांक-3 पर चयन हुआ। जांच में शिवसिंह के खिलाफ जुर्म प्रमाणित होने पर निलंबित कर दिया गया। लंबे समय से शिवसिंह के फरार होने पर एसओजी की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम रखा गया। एसओजी की टीम ने गुरुवार को दबिश देकर आरोपी शिवसिंह को अरेस्ट किया। एसओजी ने प्रकरण में अब तक 111 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।






