प्रकृति एवं संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन को समर्पित संगठन श्री कल्पतरु संस्थान ने पांच जून को सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पुणे परिसर में स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से पौधारोपण कार्य शुरू किया ! जिसके माध्यम से पांच हज़ार पौधे लगाकर संरक्षित करने का संकल्प लिया गया ! इसी दौरान ट्री मैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर पर्यावरणविद विष्णु लाम्बा की नजर सीआरपीएफ के एक जवान पर पड़ी ! जिसका नाम है रामदास संपती यशवंते ! जब ट्री मैन लाम्बा ने यह जानकारी ग्रुप केंद्र पुणे के डीआईजी वैभव निंबालकर को दी तो उन्होंने कार्यक्रम समापन पर उपस्थित उच्चाधिकारियों और जनसमूह के बीच रामदास को विशिष्ट सम्मान प्रदान किया ! धाराशिव जिले के ग्राम पाटसांगवी के रहने वाले रामदास संपती यशवंते ने बताया कि उनका जन्म एक अत्यंत निर्धन परिवार मे हुआ और उन्होंने कठिन परिश्रम करके यह मुकाम हासिल किया । बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ सेवा कार्यों में भी उनका जुनून अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा । रामदास ने बताया कि पढ़ाई के दौरान वे राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट गाइड और अन्य सेवाभावी संस्थाओं के साथ जुड़कर पल्स पोलियो अभियान, वृक्षारोपण अभियान, अंध श्रद्धा निर्मूलन अभियान जैसे सेवा कार्य करने लगे। सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक का सफर बहुत ही जोखिम भरा रहा लेकिन उन्होंने कभी भी सेवा कार्यों को नहीं छोड़ा ! रामदास ने बताया कि मैंने किसी जगह पढ़ा था कि पेड़ ऑक्सीजन देते हैं, यह तो सत्य है और यह भी सत्य है कि ऑक्सीजन हमारा प्राण वायु है, तो हम क्यों नहीं इस प्राणवायु को बढ़ाने के लिए हम कुछ करें ! इस दो लाइन को याद रखते हुए हर पेड़ की तरफ आशावादी दृष्टिकोण से देखने का एक मन में एहसास हो उठा था ! तब से लेकर आज तक हर पेड़ को मैं अपना मित्र समझ कर व्यवहार करता हूं ! पर्यावरण दिवस हो या आम दिन, पौधारोपण कार्यक्रम आते ही रामदास के मन में एक अजीब सा उत्साह एवं उमंग भर जाता है और वे मिशन पर लग जाते हैं ! रामदास कहते हैं कि सारा विश्व पर्यावरण संकट से जूझ रहा है और उसका एक ही समाधान है कि सभी अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उन्हें संरक्षित करें ! रामदास जहां भी पोस्टेड रहे उन्होंने वहां बड़ी तादाद में पौधे लगाए ! जहां आज भी उनके लगाए जंगलों को देखा जा सकता है !






