Home » राजस्थान » मतदाता सूची पुनरीक्षण: जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया फील्ड का जायजा, डिजिटाइजेशन व सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश

मतदाता सूची पुनरीक्षण: जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया फील्ड का जायजा, डिजिटाइजेशन व सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 में तेजी लाने और कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उत्सव कौशल ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उनके साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजकुमार कस्वां ने भी अलग-अलग उपखंडों में बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और सत्यापन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर व जनूथर का किया निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उत्सव कौशल ने जनूथर तहसील कार्यालय और नगर उपखंड अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में अधिकारियों से रिपोर्ट प्राप्त की और तकनीकी टीम द्वारा की जा रही डेटा एंट्री की प्रगति को परखा। श्री कौशल ने पेंडिंग कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और बीएलओ सुपरवाइजरों को अपने क्षेत्र के बीएलओ से प्रतिदिन की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कुम्हेर व रारह का लिया जायजा

वहीं, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजकुमार कस्वां द्वारा कुम्हेर उपखंड अधिकारी व तहसीलदार कार्यालय तथा रारह तहसीलदार कार्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहां तकनीकी टीम द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन के कार्यों का अवलोकन किया। इसके उपरांत श्री कस्वां ने कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 129 और 133 के बीएलओ के कार्यों का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से उनके गणना प्रपत्र (सर्वे रजिस्टर) की जांच की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गणना प्रपत्र वितरण का कार्य लगभग शत-प्रतिशत

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण का कार्य लगभग पूरा हो गया है । जिला निर्वाचन अधिकारी (डीग) श्री उत्सव कौशल ने बताया कि जिले के कुल 7,99,505 मतदाताओं में से 17 नवंबर शाम 4 बजे तक 7,97,911 मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर दिए गए हैं । यह कुल मतदाताओं का 99.80 प्रतिशत है । बीएलओ द्वारा न केवल प्रपत्र वितरित किये जा रहे हैं, बल्कि मतदाताओं को इसे भरने में सहयोग भी किया जा रहा है।

डिजिटाइजेशन कार्य में नगर विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य स्तर पर डिजिटाइजेशन के कार्य की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। डीग जिले में भी इस कार्य को प्राथमिकता से किया जा रहा है। जिले में अब तक कुल 2,37,529 गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज (ईसीआई-नेट पर अपलोड) किया जा चुका है, जो कुल प्रपत्रों का 29.71 प्रतिशत है । जिले में नगर विधानसभा क्षेत्र (71) 31.10 प्रतिशत डिजिटाइजेशन के साथ सबसे आगे है । वहीं, डीग-कुम्हेर (72) में 30.68 प्रतिशत और कामां (70) में 27.49 प्रतिशत प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जा चुका है।

ऑनलाइन आवेदन में भी नागरिक दिखा रहे रूचि

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जयपुर के निर्देशों की पालना में जिले में ऑनलाइन प्रपत्र भरने के लिए भी जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं । इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है। जिले में अब तक 1,773 नागरिकों ने बीएलओ का इंतजार किए बिना सीधे ‘वोटर हेल्पलाइन ऐप’ या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपने गणना प्रपत्र ऑनलाइन जमा कराए हैं । जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेषकर युवाओं, कॉलेज के विद्यार्थियों और तकनीक-प्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें ताकि ‘पेपरलेस’ कार्य को बढ़ावा मिल सके और बीएलओ के कार्यभार में भी कमी लाई जा सके।

मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष ध्यान, 3500 से अधिक नाम हटेंगे

इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है। बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन के दौरान अब तक कुल 3,585 ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया गया है जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने हैं । इनमें 1,834 मृत मतदाता, 1,472 स्थायी रूप से अन्यत्र शिफ्ट हो चुके मतदाता, 117 अनुपस्थित/ट्रेस नहीं होने वाले मतदाता और 158 नाम ऑलरेडी एमराल्ड श्रेणी के शामिल हैं । इन सभी के नाम नियमानुसार प्रपत्र-7 के माध्यम से हटाए जाने की कार्यवाही की जा रही है।

बीएलओ द्वारा 2.35 लाख से अधिक प्रपत्रों का सत्यापन पूर्ण

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गणना प्रपत्रों को एकत्रित करने के साथ-साथ बीएलओ द्वारा उनके सत्यापन का कार्य भी समानांतर रूप से चल रहा है। जिले में बीएलओ द्वारा अब तक कुल 2,35,755 प्रपत्रों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है । उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वे डिजिटाइजेशन और सत्यापन के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार ‘हर योग्य मतदाता का सूची में जुड़ना’ सुनिश्चित करवाएं।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

सीकर में प्रवर्तन निदेशालय में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी उत्तम पाण्डेय गिरफ्तार

*सीकर में प्रवर्तन निदेशालय में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी उत्तम पाण्डेय