पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पीएम नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा- कांग्रेस एकजुट रहेगी। मोदीजी का बयान बकवास है। खुद की पार्टी बीजेपी का दो साल से अध्यक्ष नहीं बना पा रहे हैं, तो फिर फूट बीजेपी में है या कांग्रेस में है ? पूर्व सीएम ने कहा- CMO को सलाह देने का अनुभव नए मुख्य सचिव के पास नहीं है।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- पीएम मोदी जुमलेबाजी करते रहते हैं और हम जुमले सुनते रहते हैं। जिस प्रकार से केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है उन सब से निपटने में कांग्रेस पार्टी सक्षम है, सब मिलकर मुकाबला करेंगे। गहलोत जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
नए मुख्य सचिव वी श्रीनिवास को लेकर पूर्व सीएम गहलोत ने कहा- पहले वाले मुख्य सचिव सुधांश पंत का राजस्थान को लेकर अनुभव ज्यादा था, उनका लंबा अनुभव रहा है। वे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को सलाह और सहयोग देते रहे हैं।
नए मुख्य सचिव का अफसरों से तालमेल और इंटरएक्शन नहीं
उन्होंने कहा कि नए मुख्य सचिव जो बने हैं, वे अच्छे इंसान हैं, मैं उन्हें जानता हूं, लेकिन वे 20 साल राजस्थान से बाहर रहे हैं। उनका अफसरों से वैसा तालमेल और इंटरएक्शन नहीं है।
गहलोत ने कहा- अब मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और दूसरे अफसरों को ज्यादा जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। बिना अनुभव नए मुख्य सचिव क्या काम कर पाएंगे ये तो समय ही बताएगा ?
कांग्रेस 15 हजार से अंता का उपचुनाव जीती
अंता उपचुनावों में बीजेपी की हार पर अशोक गहलोत ने कहा- मौजूदा सरकार के फेल्योर से अंता का उपचुनाव कांग्रेस ने 15 हजार वोटों से जीता है। सरकार फेल हो गई है। हमारी सरकार के समय जो योजना चल रही थी उनकी पूरे देश में चर्चा थी। आज भी लोग गांव में उन योजनाओं को याद करते हैं और पश्चाताप करते हैं कि कांग्रेस की सरकार चली गई।
बीजेपी सरकार हमारी योजनाओं को किया बंद
उन्होंने कहा कि जब से बीजेपी सरकार आई है तब से ही उन्होंने हमारी योजना को या तो कमजोर कर दिया है या बंद कर दिया है। अन्नपूर्णा योजना पेंशन योजना, स्कॉलरशिप योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा में कई योजनाओं को कमजोर कर दिया है। इसका लोगों में रिएक्शन है, लोगों की जनसुनवाई नहीं हो रही है।
बिहार में धनबल से जीता है चुनाव
बिहार चुनाव परिणामों को लेकर गहलोत ने कहा- बिहार चुनावों में जिस प्रकार से धनबल का प्रयोग हुआ था कोई सोच नहीं सकता है। अब नई-नई कहानियां सामने आ रही हैं। महिलाओं के खाते में 10 हजार का तो एक अलग पॉइंट है, लेकिन धनबल से चुनाव जीता है।





