जयपुर में दिनदहाड़े एक युवक से जहरखुरानी कर लूट का मामला सामने आया है। बातों में उलझाकर नशीला बिस्किट खिलाकर बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। पेंट की जेब में रखे 51 हजार रुपए और मोबाइल निकालकर फरार हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर थाने में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
ASI कैलाश चन्द ने बताया- मध्यप्रदेश के भिण्ड के रहने वाले राहुल कुमार वर्मा (22) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया- शनिवार शाम करीब 4 बजे वह जयपुर से ग्वालियर जाने के लिए रोटरी सर्किल पर बस का इंतजार कर रहा था। इस दौरान करीब 40 साल का व्यक्ति आकर उसके पास बातचीत करने लगा। मीठी-मीठी बातें कर उसे आने-जाने के बारे में पूछने लगा। कुछ देर बाद बातों में लेकर बिस्कुट खिला दिया। बिस्कुट में जहर मिला होने के कारण वह खाते ही बेहोश हो गया।
बेहोश होने के बाद उसकी पेंट की जेब में रखे 51 हजार रुपए व मोबाइल निकालकर फरार हो गया। लोगों ने बेहोशी की हालत में पड़े मिलने पर हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडमिट करवाया। रविवार दोपहर करीब 2 बजे होश आने पर जहरखुरानी की वारदात का पता चला। ट्रांसपोर्ट नगर थाने में पीड़ित ने अनजान बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज को खंगालने के साथ जहरखुरानी कर लूट करने वाले बदमाश की तलाश कर रही है।






