बस्सी शहर में पार्किंग सुविधा के अभाव के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से शहर में जगह-जगह यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है।
यह समस्या विशेष रूप से बस्सी चक, गंगाधाम मोड़, बस स्टैंड, सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों के बाहर, कृषि उपज मंडी, राजकीय उप जिला चिकित्सालय के बाहर, कल्याण गंज, मुख्य बाजार, गौर बाजार और बिदाजी मोड़ जैसे क्षेत्रों में देखी जा रही है। इन स्थानों पर दिनभर यातायात बाधित रहता है।
वाहन जाम के कारण पैदल चलने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतें होती हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कई बार इस वजह से विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बनते हैं।
यह समस्या प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को प्रभावित करती है, इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
अतिक्रमण पर कार्रवाई की कही बात
इस संबंध में नगर पालिका बस्सी के अधिशाषी अधिकारी दुर्गा शंकर मौर्य ने बताया कि बस्सी में पार्किंग को लेकर कोई टेंडर जारी नहीं किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पुलिस प्रशासन के सहयोग से बस्सी चक, गंगाधाम मोड़, बस स्टैंड, सरकारी एवं गैर-सरकारी बैंकों के बाहर, कृषि उपज मंडी, राजकीय उप जिला चिकित्सालय के बाहर, कल्याण गंज, मुख्य बाजार, गौर बाजार, बिदाजी मोड़ और अन्य सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





