जयपुर में एक सिक्योरिटी गार्ड की हत्या का मामला सामने आया है। सिक्योरिटी गार्ड की लाश कारखाने के पास पड़ी हुई मिली। युवक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। नारायण विहार थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस ने बताया- मृतक भूप सिंह जाटव (37) भरतपुर का रहने वाला है। वह नारायण विहार में वेस्टन हाइट्स बिल्डिंग के पास किराए से रहता है। घर के पास ही स्थित गाड़ियों के एक कारखाने पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। घटनाक्रम के मुताबिक, देर शाम करीब 7 बजे उसकी लाश कारखाने के पास पड़ी मिली।
युवक का शव पड़े होने का पता चलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लाश मिलने की सूचना पर नारायण विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस को उसके गले पर चोट के निशान मिले है। पुलिस ने उसकी हत्या की बात से इनकार नहीं किया है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल में मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस उसके साथियों से पूछताछ कर रही है।






