नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी सरकार के दो साल के कार्यकाल पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा है कि 70 प्रतिशत वादे पूरे करने का दावा हवा हवाई है। मैं मुख्यमंत्री से बहस के लिए तैयार हूं, समय और स्थान मुख्यमंत्री बता दें। इस सरकार के बनने के बाद राजस्थान पर 1.55 लाख करोड़ का कर्ज बढ़ गया है, यह कर्ज आगे और बढ़ेगा। हर राजस्थानी पर एक लाख का कर्ज है। जूली जयपुर आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
जूली ने कहा- बीजेपी सरकार ने दो बजट में 1727 बजट घोषणाएं की हैं, उनमें से केवल 754 बजट घोषणा ही पूरी हुई हैं, 1256 बजट घोषणाएं अभी भी अधूरी हैं जिन पर काम ही पूरा नहीं हआ। 760 बजट घोषणाएं ऐसी हैं, जिन पर अभी तक कोई काम नहीं हुआ है।
बीजेपी राज में सरकारी स्कूलों में नामांकन घटे
जूली ने कहा- बीजेपी राज में सरकारी स्कूलों में नामांकन घटे हैं, स्टूडेंट्स की संख्या कम हुई है। साल 2023- 24 में सरकारी स्कूलों में 1.67 करोड़ स्टूडेंट थे, जो 2024- 25 में घटकर 1.62 करोड़ रह गए हैं, इनमें 5 लाख विद्यार्थियों की कमी आई है। इस सरकार ने चार लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन दो साल में 95 हजार नौकरी दी हैं और वो भी वे नौकरियां है जो हमारे समय की प्रक्रिया में चल रही थी।
35 लाख करोड़ के एमओयू पर जवाब ही नहीं देती सरकार जूली ने कहा- सरकार का दावा है कि 35 लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं और 8 लाख करोड़ के एमओयू जमीन पर उतार दिए हैं। सरकार को इसकी जानकारी नहीं है कि 8 लाख करोड़ के एमओयू जमीन पर उतार दिए। जब हम सरकार से विधानसभा में सवाल करते हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता है। आरटीआई के जरिए भी इसका कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
किसानों की आय दोगुनी का वादा अधूरा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा- 2025 तक सभी घरों में नल से जल देने और 25 लाख कनेक्शन देने का वादा था, लेकिन अब तक सिर्फ 9 लाख कनेक्शन ही दिए गए। MSP पर खरीद दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ। बाजरे की MSP पर खरीद का दावा झूठा साबित हुआ।
तबादल नीति नहीं बनी, स्टूडेंट के यूनिफॉर्म का पैसा किया आधा
जूली ने कहा- तबादला नीति की घोषणा की गई, लेकिन आज तक कोई नीति नहीं बनी। स्टूडेंट्स को यूनिफॉर्म के लिए 1200 रुपए देने का वादा झूठा निकला, एससी-एसटी के विद्यार्थियों को केवल 600 रुपए दिए जा रहे हैं, ओबीसी और सामान्य वर्ग को इससे बाहर कर दिया। पशुओं का बीमा अधूरा है, हमारे समय में 80 लाख पशु पंजीकृत थे। इस सरकार ने केवल 20 लाख पशुओं का ही बीमा किया। शिक्षा विभाग में सभी एक लाख पद भरने का वादा किया गया, लेकिन आज भी हजारों पद खाली हैं।
गुजरात, हरियाणा की तर्ज पर पेट्रोल-डीजल सस्ता करने का वादा पूरा नहीं
उन्होंने कहा- IIT और AIIMS की तर्ज पर नए संस्थान खोलने का वादा किया लेकिन इस सरकार ने केवल नाम बदले। किसानों की जमीन नीलामी पर रोक लगाने का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गुजरात और हरियाणा की तर्ज पर पेट्रोल-डीजल सस्ता करने का वादा भी पूरा नहीं हुआ।






