दूदू पुलिस ने फायरिंग कर हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनामी और टॉप-10 वांछित अपराधियों धनसिंह और शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कुख्यात ‘डी कंपनी’ नामक आपराधिक गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं और लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने बताया- 13 नवंबर 2024 को आरोपी धनसिंह अपने साथियों के साथ बोलेरो कैंपर में सवार होकर दूदू के मालपुरा रोड स्थित जितेंद्र सिंह के मकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना के बाद दूदू थाने में मुकदमा संख्या 290/2024 दर्ज किया गया था। मामले में पहले एक आरोपी रामवतार उर्फ राजवीर उर्फ दीपू स्वामी को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।
विशेष टीम का गठन, अजमेर जेल से गिरफ्तारी
फरार आरोपियों की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और वृत्ताधिकारी दीपक खंडेलवाल के निर्देशन में थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित आरोपियों को अजमेर जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त किया। गहन पूछताछ और जांच के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
धनसिंह पर 53 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी धनसिंह अजमेर जिले के सराना थाने का हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ अजमेर, टोंक, जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण और भीलवाड़ा जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, मारपीट, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 53 मामले दर्ज हैं। वहीं शिवराज सिंह के खिलाफ अजमेर और जयपुर ग्रामीण में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डी कंपनी का सरगना और सक्रिय सदस्य
पुलिस जांच में सामने आया है कि धनसिंह ‘डी कंपनी’ नामक आपराधिक गिरोह का मुख्य सरगना है, जबकि शिवराज सिंह उसका सक्रिय सदस्य है। गिरोह की गतिविधियां लंबे समय से अलग-अलग जिलों में फैलती जा रही थीं, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी।
मौका तस्दीक और हथियारों को लेकर पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद दूदू पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौका तस्दीक के लिए बीच बाजार में नंगे पांव घुमाया। पुलिस ने बताया कि अजमेर पुलिस पूर्व में धनसिंह के पास से हैंडग्रेनेड भी बरामद कर चुकी है। फिलहाल दोनों आरोपियों से घटना में शामिल अन्य बदमाशों और इस्तेमाल किए गए हथियारों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से कई अन्य आपराधिक वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।





