सोमवार रात करीब 11 बजे सुहागपुरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों की हालत मौके पर ही गंभीर हो गई, जबकि साथ बैठी महिला को भी गंभीर चोटें आईं। तीनों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया।


घर जा रहे थे मां-बेटा और मामा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश (22) पुत्र मोहनलाल मीणा निवासी बिलड़ी अपनी मां भगवती (45) पत्नी मोहनलाल मीणा और मामा शंकर (23) पुत्र कालूराम मीणा निवासी मोटा माइंडग के साथ पारिवारिक काम से सेमलिया गए थे। रात में सेमलिया से गांव बिलड़ी लौट रहे थे। तभी पीपलखूंट से प्रतापगढ़ की ओर आ रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे, तीनों गंभीर घायल हो गए।
इलाज के दौरान युवकों की मौत
दोनों युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घायल महिला भगवती की हालत नाजुक बनी हुई है, उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया है।
सुहागपुरा थाना अधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया – एम्बुलेंस और बाइक की टक्कर में दो युवक और एक महिला गंभीर घायल हुए। अस्पताल में इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। महिला को उदयपुर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया। एम्बुलेंस को जब्त कर लिया गया है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल पहुंचे अधिकारी, ली जानकारी
हादसे की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी मनीष वैष्णव जिला चिकित्सालय पहुंचे और घटना की जानकारी ली। कुछ देर बाद जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जीवराम मीणा और पीएमओ आलोक यादव भी अस्पताल आए। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति पर चर्चा की।
हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने समझाइश के बाद शव मॉर्च्युरी में रखवाए।






