वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शुक्रवार को अलवर में बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित अलवर सांसद खेल उत्सव अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट खेल कर खिलाडियों का उत्साहवर्धन किया।
मंत्री शर्मा ने मैच देखकर खिलाडियों की हौसला-अफजाई करते हुए टीम भावना के साथ खिलाडियों को खेल में अच्छा प्रदर्शन करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को निखारने एवं उनको आगे बढ़ाने के लिए अलवर सांसद खेल उत्सव के माध्यम से खेल का बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध करवाने के लिए केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि अलवर सांसद खेल उत्सव के माध्यम से न केवल खिलाडियों को खेल मंच प्रदान किया जा रहा है, साथ ही खिलाडियों को साई के प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण भी दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अलवर सांसद खेल उत्सव के खिलाडी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर अलवर का नाम रोशन करेंगे।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका,जोगेन्द्र गुप्ता,सतीश यादव,तुलसी यादव, अशोक आर्य,सत्यभान,सोनू चौधरी, हेतराम,सतपाल, राजेश तिवाडी, रवि यादव, जितेन्द्र सोनी, अरूण जैन, पं. जलेसिंह सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में खिलाडी एवं आमजन मौजूद रहे।





