Home » राजस्थान » मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से किया वर्चुअल शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बस में सफर कर दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से किया वर्चुअल शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बस में सफर कर दिखाई हरी झंडी

अजमेर। अजमेर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में मंगलवार को बड़ी शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अजमेर में 100 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इसके पहले चरण में 5 वातानुकूलित ई-बसों का संचालन शुरू किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से बसों का शुभारंभ किया, जबकि अजमेर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने ई-बस में सफर कर इसकी शुरुआत की।

नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अजमेर विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 100 ई-बसों की स्वीकृति शहर के सार्वजनिक परिवहन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। शुरुआती पांच बसों के बाद चरणबद्ध तरीके से शेष बसों का संचालन किया जाएगा।

26 सीटर, एसी और सीसीटीवी से लैस

नई ई-बसें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। सभी बसों में 26 यात्रियों के बैठने की क्षमता, वातानुकूलित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और ऑटोमैटिक डोर लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक सफर मिल सकेगा।

ई-बसों के संचालन के लिए बस स्टैंड पर चार्जिंग प्वाइंट भी तैयार किए गए हैं। वहीं नोसर में करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक चार्जिंग डिपो बनाया जा रहा है। इसका निर्माण लगभग एक माह में पूरा होने की उम्मीद है।

प्रदूषण और डीजल पर निर्भरता होगी कम

ई-बसों के संचालन से अजमेर में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा मिलने के साथ ही प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता घटने से शहर के पर्यावरण को राहत मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा मिलने से अजमेर को स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन वाले शहर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

नगर निगम आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अजमेर को अत्याधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिली है। आने वाले समय में 100 ई-बसों का संचालन शहरवासियों के लिए परिवहन व्यवस्था को और सुगम बनाएगा।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines